नवादा। बिहार के नवादा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहाँ कादिरगंज थाना क्षेत्र के पटवा सराय मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, अकौना डीह गांव निवासी सनोज कुमार यादव, नवलेश कुमार और मोनू कुमार एक कार में सवार होकर पकरीबरावां से एक छठी (जन्मोत्सव) कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान पटवा सराय मोड़ के समीप चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से करीब 50 फीट दूर जाकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सदर अस्पताल ले जाया गया। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स (VIMS) रेफर कर दिया गया है। मृतक की पहचान सनोज कुमार यादव के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है।
भईया जी की रिपोर्ट