नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन के आदेश के आलोक में गठित धावा दल ने अवैध रूप से गैस सिलेंडर के भंडारण एवं वितरण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, रजौली एवं रजौली थाना पुलिस के संयुक्त दल द्वारा ग्राम मुरहेना बाजार में छापेमारी की गई। छापेमारी के क्रम में मुरहेना बाजार मेन रोड के पूर्व दिशा स्थित एक निजी मकान में संचालित दुकान से कुल 07 घरेलू 14.2 किलोग्राम भरे हुए बी.पी.सी.एल. कंपनी के सिलेंडर तथा 40 घरेलू 14.2 किलोग्राम खाली एच.पी.सी.एल. कंपनी के सिलेंडर बरामद किए गए।
मौके पर उपस्थित व्यक्ति ने अपना नाम विजय कुमार, पिता-राजेन्द्र साव, निवासी-मुरहेना, थाना-रजौली, जिला-नवादा बताया तथा स्वयं को दुकान का संचालक स्वीकार किया। इसके उपरांत धावा दल द्वारा मुरहेना बाजार मेन रोड के पश्चिम दिशा स्थित एक अन्य निजी मकान में संचालित दुकान में छापेमारी की। इस दौरान एक व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शकील आरजू उर्फ गुड्डू खाँ, पिता-मो० तबारक हुसैन, निवासी-मुरहेना, थाना-रजौली, जिला-नवादा बताया।
उक्त दुकान से 03 घरेलू 14.2 किलोग्राम खाली एच.पी.सी.एल. कंपनी के सिलेंडर एवं एक पंजी बरामद किया गया, जिसमें कई लाभुकों का नाम एवं पता अंकित पाया गया। व्यक्ति से जब्त सिलेंडरों एवं पंजी के संबंध में पूछताछ करने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। उक्त मामले में विजय कुमार एवं शकील आरजू उर्फ गुड्डू खाँ के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा-07 एवं अन्य सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट