पटना के शिवपुरी स्थित जीएस इंक्लेव अपार्टमेंट में बीती रात अपराधियों ने जदयू विधायक श्याम रजक के करीबी दोस्त और कारोबारी दिलीप कुमार सिंह को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आराम से फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गोली दिलीप सिंह के पेट को आर-पार कर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात को बीती रात साढ़े 9 बजे के आसपास शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी नाला स्थित कार्बन फैक्ट्री के पास अंजाम दिया गया। वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस वक्त हमला किया, जब कारोबारी अपनी गाड़ी से उतरकर अपने अपार्टमेंट के पांचवें तल पर स्थित फ्लैट में जाने के लिए लिफ्ट की ओर बढ़ रहे थे। यह पूरी वारदात मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और अब पुलिस फुटेज के जरिये अपराधियों की पहचान में जुटी है।
पीछे से दी आवाज, फिर मारी गोली
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी तीन-चार राउंड फायरिंग करते हुए बाइक से अटल पथ की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और गंभीर रूप से घायल कारोबारी को पाटलिपुत्र गोलंबर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिलीप कुमार सिंह के पेट में गोली लगी है, जो आर-पार हो गई। पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय दिलीप कुमार सिंह का बोरिंग रोड पर कार्यालय है। उनकी कंपनी ‘एमपी इंजीकान’ मकान, पुल सहित अन्य निर्माण कार्यों के लिए गिट्टी, बालू और अन्य सामग्रियों की आपूर्ति करती है। वे शिवपुरी स्थित जीएस इंक्लेव अपार्टमेंट में ही रहते हैं, जहां उनका फ्लैट है।
एफएसएल टीम ने मौके से जुटाए सबूत
दिलीप सिंह फुलवारीशरीफ से जदयू विधायक श्याम रजक के करीबी दोस्त बताये जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों की पहचान कर ली गई है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम साक्ष्य एकत्र करने में लगी है, जबकि मौके से पुलिस ने दो खोखे भी बरामद किए हैं। सूचना मिलने पर फुलवारी के विधायक श्याम रजक अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर हाल-चाल जाना। सिटी एसपी दीक्षा ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने एकत्र कर लिए हैं। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।