समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोकसाहा स्थित एक होटल के समीप शराब के नशे में धुत एक दरोगा जी ने जमकर हंगामा किया। दारोगा की करतूत से तंग लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने उसे बंधक बना लिया। इसके बाद सूचना पर पहुंची उसी के विभूतिपुर थाने की पुलिस ने दरोगा को गिरफ्तार कर लिया। रात भर दारोगा जी अपने ही थाने की हाजत में बंद रहे और फिर उन्हें अगले दिन कोर्ट में पेश किया गया जहां से वे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिये गए। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार दारोगा का नाम रिंकू सिंह है और उसकी विभूतिपुर थाने में ही तैनाती है। लोगों का कहना है कि दारोगा अक्सर ऐसी हरकत करता रहता था, लेकिन लोग पुलिस समझ नजरअंदाज कर देते थे। परंतु बीते दिन उसने तो हद कर दी जिसके बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
शराब के नशे में था दरोगा रिंकू सिंह
विभूतिपुर थाने के थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि थाने में तैनात दरोगा रिंकू सिंह को शराब पीकर हंगामा करते हुए पकड़ा गया है। मेडिकल जांच के बाद उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। बताया जाता है कि एक दिन पहले रविवार की रात नशे में धुत दरोगा खोकसाहा स्थित दुकान पहुंचा, और वहां हंगामा करने लगा। इसका वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया। सूचना पर आसपास के करीब दर्जनों लोग होटल के पास पहुंच गए और दरोगा को बंधक बनाकर घटना की सूचना थानाध्यक्ष को दी।
दरोगा का कराया मेडिकल, नशे की पुष्टि
घटनास्थल पर पहुंचे एएसआई प्रमोद कुमार से लोग शिकायत करने लगे कि दरोगा रिंकू सिंह शराब के नशे में धुत है। इसकी जांच कराई जाए। लोग इस बात पर अड़ गए कि नशेड़ी दरोगा रिंकू सिंह का मेडिकल जांच करवाया जाए। घटनास्थल पर पहुंचे एएसआई प्रमोद कुमार ने थानाध्यक्ष को मामले से अवगत कराया। इसके बाद थानाध्यक्ष ने दारोगा की मेडिकल जांच करवाई तो रिपेर्ट में वह शराब के नशे में धुत पाया गया। उसके बाद दरोगा रिंकू सिंह को सीएचसी विभूतिपुर ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मनीष कुमार ने बताया कि दरोगा रिंकू सिंह को फिट फॉर कस्टडी के लिए मेंशन किया गया है। इसके बाद उन्हें रातभर उसी थाने की हाजत में रखा गया, जहां वह तैनात था। फिर अगले दिन सोमवार को देर शाम उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।