केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नई सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने यह साफ कर दिया कि बिहार के नए सीएम के प्रश्न पर एनडीए गठबंधन के अंदर लगभग सहमति बन चुकी है। अब सिर्फ औपचारिक घोषणा बाकी है। चिराग पासवान ने कहा कि एनडीए गठबंधन में नई सरकार के गठन पर बात फाइनल है। मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम पर सहमति बन गई है और बहुत जल्द नई सरकार का ऐलान कर दिया जा सकता है। चिराग पासवान ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से गठबंधन के सभी दलों के बीच लगातार बातचीत चल रही है। मुख्यमंत्री कौन होगा, किस पार्टी से होगा और उपमुख्यमंत्री कौन बनेगा, इन सभी मुद्दों पर चर्चा पूरी हो चुकी है। यह अब सिर्फ समय की बात है और जल्द ही सब कुछ क्लियर हो जाएगा।
आज सोमवार की सुबह दिल्ली से पटना पहुंचे चिराग पासवान ने यह भी कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में नीतीश कुमार का मार्गदर्शन अहम रहेगा। उनके अनुभव और सलाह से ही एनडीए की आगे की रणनीति तय की जा रही है। चिराग ने संकेत दिया कि गठबंधन के पांचों दलों के बीच मोटे तौर पर सहमति बन चुकी है। चिराग पासवान के इस बयान के बाद बिहार के सियासी गलियारे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि नई सरकार को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब जल्द विराम लग सकता है। चिराग ने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में गठबंधन की ओर से सीएम और नई सरकार के स्वरूप और पूरे ढांचे को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
चिराग पासवान ने पटना में सम्राट चौधरी के सीएम बनने पर तो सीधा कुछ नहीं कहा, परंतु उन्होंने यह जरूर कहा कि बतौर गृह मंत्री वे काफी अच्छा काम कर रहे है। इधर राज्यसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चुनाव जीतने के बाद अब सबकी नजर उनके कल 24 मार्च को बतौर जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष नाम के ऐलान पर है। नतीश इस पद के लिए हुए चुनाव में पार्टी की तरफ से एकमात्र कैंडिडेट हैं और उनका चयन लगभग निश्चित है। खबर है कि अप्रैल के शुरुआत में 10 अप्रैल से नीतीश राज्यसभा में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे। इससे पहले वे मार्च के अंत तक अपनी विधान परिषद से विधायकी वाली सीट से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद ही उनके बिहार का सीएम पद छोड़ने की संभावना है।