मथुरा के कोसीकलां इलाके में गौरक्षक फरसा वाले बाबा की बीच सड़क गौ तस्करों ने ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी। उनकी मौत के बाद मथुरा के पूरे इलाके में भारी बवाल शुरू हो गया। आरोप है कि गौ-तस्करों ने फरसा वाले बाबा चंद्रशेखर की बाइक को टक्कर मारने के बाद उन्हें ट्रक से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने दिल्ली-आगरा हाइवे पर चक्का जाम कर दिया। इलाके में भारी तनाव फैलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। खबर है कि हाइवे और अन्य जगहों पर गुस्साई भीड़ ने पत्थरबाजी की जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। उप्र के मुख्यमंत्री सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस मामले का संज्ञान लिया और कड़े एक्शन का आदेश दिया है।
कौन हैं फरसा वाले बाबा और उनके साथ क्या हुआ?
दरअसल, फरसा वाले बाबा का असली नाम चंद्रशेखर है। वह हमेश अपने साथ कुल्हाड़ी जैसा शस्त्र फरसा रखते थे और उनके इसी खास अंदाज की वजह से उन्हें ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से जाना जाता था। वो मुख्य रूप से मथुरा के कोसीकलां और आसपास के इलाकों में अवैध गौ तस्करी को रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते थे। बाबा कुछ हिंदूवादी संगठनों से भी जुड़े हुए थे और उन्होंने गोरक्षकों की एक टीम बना रखी थी जो इलाके में गौ तस्करों के लिए काल बन गई थी। बाबा की इस तरह हत्या के बाद वहां भारी तनाव व्याप्त हो गया है। उनके समर्थकों ने मांग की है कि उन्हें गौ पुत्र शहीद का दर्जा दिया जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
गौ-तस्करों का पीछा करते समय कुचल डाला, एक बंदी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चंद्रशेखर बाबा को गोतस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत अपनी बाइक से संदिग्ध तस्करों का पीछा करने निकल पड़े। बताया जा रहा है कि जब उन्होंने तस्करों की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें कुचलने की नीयत से तेज रफ्तार में वाहन उनकी ओर मोड़ दिया। इस भीषण टक्कर में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और हिंदूवादी संगठनों में भारी रोष फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाइवे पर जाम लगाया और पुलिस पर पथराव भी किया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए एक युवक को मौके से ही पकड़ लिया जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है।