बेगूसराय : जिले के गढ़हारा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गढ़हारा वार्ड नंबर-14 में मामूली विवाद के बाद बेख़ौफ़ दबंगों ने एक परिवार के घर पर धावा बोल दिया। इस दौरान न सिर्फ जमकर पत्थरबाजी की गई, बल्कि खुलेआम देसी कट्टे से तीन राउंड फायरिंग भी की गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते 17 मार्च को गांव के कुछ दबंगों का एक परिवार से विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावर हथियारों से लैस होकर पीड़ित के घर पर चढ़ गए। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि बहस के दौरान एक युवक कट्टा निकालकर फायरिंग कर रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां दीं और बीच-बचाव करने आई महिलाओं के साथ भी बदसलूकी की।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि पीड़ित रोनित पासवान के आवेदन पर FIR दर्ज कर ली गई है। इसमें बीएनएस (BNS), एससी-एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। मुख्य आरोपी सुमन महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
वहीँ, उन्होंने आगे बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों पक्ष एक ही गांव के हैं और पहले उनके बीच संबंध सामान्य थे। विवाद की असली वजह जानने के लिए पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है। फिलहाल, गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा कोई हिंसक झड़प न हो।