गोपालगंज : गोपालगंज में पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चल रहे काले खेल का पर्दाफाश किया है। बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में हुई इस छापेमारी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाकर ऑर्केस्ट्रा और डांस ग्रुप के नाम पर बंधक बनाई गई 10 लड़कियों को मुक्त कराया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 9 लड़कियां नाबालिग हैं। पुलिस ने इस मामले में एक पुरुष संचालक और दो महिला संचालिकाओं को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, दिघवा-दुबौली, लक्ष्मीगंज और रेवतीथ गाँव में एक साथ छापेमारी की गई। सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल और सामाजिक संगठनों (एसोसिएशन फॉर वोलंटरी एक्शन व नारायणी सेवा संस्थान) ने मिलकर यह कार्रवाई की। रेस्क्यू की गई लड़कियां अलग-अलग राज्यों से लाई गई थीं— पश्चिम बंगाल (5), सीवान (2), जहानाबाद (1), उत्तर प्रदेश (1) और छत्तीसगढ़ (1)।
पुलिस जांच में सामने आया कि इन मासूम लड़कियों को नौकरी या कला के नाम पर बहला-फुसलाकर लाया गया था। यहाँ उनसे न केवल जबरन अश्लील डांस कराया जा रहा था, बल्कि उनका शारीरिक और मानसिक शोषण भी किया जा रहा था। मौके से पुलिस ने 3 मोबाइल फोन और बुकिंग से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं, जो इस गिरोह के गहरे नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं।
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। मुक्त कराई गई लड़कियों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहाँ उनकी काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस अब उनके परिजनों से संपर्क साध रही है ताकि उन्हें सुरक्षित घर भेजा जा सके। इससे पहले महम्मदपुर थाना क्षेत्र में भी ऐसी ही कार्रवाई हुई थी। लगातार हो रही इन छापेमारी से साफ है कि गोपालगंज पुलिस अब मानव तस्करी के इस अवैध सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने के लिए ‘एक्शन मोड’ में है।