नवादा : जिले में रसोई गैस उठाव एवं वितरण से संबंधित प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री राजकुमार सिन्हा ने बताया कि एच०पी०सी०एल०, बी०पी०सी०एल० एवं आई०ओ०सी०एल० के प्रबंधकों द्वारा उपलब्ध कराई गई। जानकारी के अनुसार जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है।
जिले में गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कमी नहीं है तथा सभी एजेंसियों द्वारा डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गैस एजेंसियों के नियमित निरीक्षण एवं गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आमजनों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसमें कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।
जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या – 06324-212122 है। इसके साथ ही जानकारी दी गई कि वर्तमान परिस्थिति में नवादा जिला अंतर्गत एल०पी०जी० गैस एजेंसियों, विक्रेताओं एवं पेट्रोल पम्पों पर आम नागरिकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है, जिससे अव्यवस्था अथवा विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। साथ ही ऐसी स्थिति में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा एल०पी०जी० गैस सिलेंडरों अथवा पेट्रोलियम पदार्थों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
अतएव, आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा गैस एजेंसियों, विक्रेताओं एवं पेट्रोल पम्पों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर एवं रजौली द्वारा प्रत्येक प्रखंड के लिए धावा दल का गठन किया गया है। धावा दल में संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित थाना के थानाध्यक्ष को शामिल किया गया है। धावा दल द्वारा विभिन्न प्रखंडों में अवस्थित गैस एजेंसियों के गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट