नवादा : प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों बाइक चोर गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ताजा मामला खुरी नदी पुल के समीप नया हाट पथ का है, जहां सब्जी खरीदने गए एक युवक की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों ने पलक झपकते ही उड़ा ली। एक महीने के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन मालिकों में असुरक्षा का माहौल है।
सब्जी लेकर लौटा तो गायब थी बाइक
थाली थाना क्षेत्र के निवासी मंटू कुमार ने बताया कि वह अपनी हीरो प्लस मोटरसाइकिल (नंबर- BR 27 M 1563) सड़क किनारे खड़ी कर उत्तर दिशा की ओर सब्जी लेने गए थे। जब वे सब्जी लेकर वापस लौटे, तो मौके से बाइक गायब देख उनके होश उड़ गए। आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन वाहन का कहीं पता नहीं चला।
थाने में प्राथमिकी दर्ज, बरामदगी की गुहार
पीड़ित मंटू कुमार ने इस संबंध में अकबरपुर थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द बाइक बरामद करने और चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।
चोरों के निशाने पर अकबरपुर बाजार
स्थानीय लोगों का कहना है कि अकबरपुर बाजार और उसके आसपास के क्षेत्रों में वाहन चोरों का आतंक बढ़ गया है। ठीक एक माह पूर्व भी इसी तरह की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। पुलिस फिलहाल मामले की छानबीन में जुटी है।