-जिले के 23 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
नवादा : बिहार के व्यवहार न्यायालयों में परिचारी के पद पर नियुक्ति हेतु प्रारंभिक जांच परीक्षा 15 मार्च को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन कदाचारमुक्त, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कराने तथा विधि-व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राहुल किशोर की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रतिनियुक्त सभी केंद्राधीक्षकों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 02 बजे से 04 बजे तक आयोजित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी (पुरुष/महिला), पुलिस पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी तथा पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। किसी भी परिस्थिति में प्रथम पाली के लिए सुबह 09:30 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 01:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर अमित अनुराग ने बताया कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाहरणालय परिसर में नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष नंबर 06324-212261 है। नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में निरूपमा शंकर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) नवादा तथा पु0अ0नि0 सुजीत कुमार त्रिपाठी, प्रभारी डीसीबी शाखा रहेंगे। नियंत्रण कक्ष में पालीवार दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही 03 सुरक्षित कार्यपालक दंडाधिकारी एवं 05 सुरक्षित स्टैटिक दंडाधिकारी भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में अग्निशमन एवं चिकित्सा व्यवस्था की गई है। सिविल सर्जन द्वारा नियंत्रण कक्ष नवादा, प्रखंड कार्यालय परिसर वारिसलीगंज तथा प्रखंड कार्यालय हिसुआ में एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाओं, चिकित्सकों एवं आवश्यक चिकित्सा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजकुमार सिन्हा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है।
किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में बैग, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, पर्स, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, रिस्ट वॉच सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री तथा व्हाइटनर, इरेजर एवं ब्लेड जैसी सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के समय दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटोग्राफ, एक पहचान पत्र एवं उसकी स्व-अभिप्रमाणित प्रति, एक पारदर्शी पानी की बोतल तथा बॉल प्वाइंट पेन ले जाने की अनुमति दी जाएगी। उक्त अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस, जिला योजना पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट