नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, मद्य निषेध, नारकोटिक्स नियंत्रण, अवैध खनन, भूमि विवाद, बाल श्रम उन्मूलन एवं किशोर श्रम निषेध जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई। मद्य निषेध की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि फरवरी माह में शराब की बरामदगी एवं गिरफ्तारी की संख्या जनवरी माह की तुलना में सभी पक्षों द्वारा बढ़ी है। समीक्षा के क्रम में यह भी पाया गया कि लगभग 23,000 लीटर जब्त शराब का विनष्टीकरण लंबित है। इस पर जिला पदाधिकारी ने चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र विनष्टीकरण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि महुआ फूल चुनने के समय कुछ लोगों द्वारा ककोलत एवं आसपास के जंगलों में आग लगाने की घटनाएँ पूर्व में सामने आती रही हैं। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। अधिहरण वादों की समीक्षा में पाया गया कि भूमि सुधार उपसमाहर्ता, नवादा सदर के पास 159 मामले लंबित हैं। इस संबंध में बताया गया कि समाचार पत्रों में सूचना प्रकाशित कर दी गई है तथा 28.03.2026 की तिथि निर्धारित की गई है, जिस दिन सभी मामलों के निष्पादन का प्रयास किया जाएगा। जिला पदाधिकारी द्वारा लंबित अधिकरण वादों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नीलामी हेतु जब्त वाहनों के मूल्यांकन की समीक्षा में पाया गया कि 164 वाहनों का मूल्यांकन लंबित है, जिनमें पुलिस थाना के 41 एवं उत्पाद विभाग के 121 वाहन शामिल हैं।
वहीं 168 वाहनों का मूल्यांकन प्राप्त हो चुका है, जिनकी नीलामी हेतु अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। जिला पदाधिकारी द्वारा अपर जिला परिवहन पदाधिकारी एवं मोटर यान निरीक्षक को निर्देश दिया गया कि लंबित वाहनों का मूल्यांकन शीघ्र पूरा किया जाए। नारकोटिक्स समन्वय से संबंधित समीक्षा में यह निर्णय लिया गया कि ड्रग्स से संबंधित प्रवृत्तियों के संबंध में आसूचना का आदान-प्रदान किया जाएगा तथा जिले में अवैध अफीम एवं गांजा की खेती के विनष्टीकरण की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही महत्वपूर्ण अंतर्राज्यीय कांडों के अनुसंधान की प्रगति का अनुश्रवण किया जाएगा।
मादक पदार्थों के अवैध व्यापार एवं इसके दुष्प्रभावों के संबंध में जन-जागरूकता अभियान को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया, विशेषकर शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार की गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी।जिला पदाधिकारी द्वारा शहरी क्षेत्र में मादक पदार्थों के सेवन एवं बिक्री से संबंधित ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्र जो सुनसान हैं अथवा प्रत्यक्ष रूप से जन-निगरानी में नहीं रहते, वहाँ इस प्रकार की गतिविधियों की संभावना अधिक रहती है। ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी एवं उत्पाद विभाग को दिया।
शिक्षा विभाग से आए डीपीओ (एसएस) को निर्देश दिया गया कि स्कूली संस्थानों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के तंबाकू आदि की बिक्री न हो, इसे सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए स्कूलों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया तथा आवश्यकता पड़ने पर कोटपा (COTPA) के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।अधीक्षक, मद्य निषेध द्वारा बताया गया कि विभाग को मादक पदार्थों के सेवन के दुष्परिणामों से संबंधित सेल्फ-अधेसिव पोस्टर प्राप्त हुए हैं, जिन्हें होली से पूर्व ही संबंधित विभागों को उपलब्ध करा दिया गया है। यदि इन पोस्टरों को शिक्षण संस्थानों में लगाया जाता है, तो आम जनता, विशेषकर बच्चों एवं उनके अभिभावकों को इस विषय में जागरूक किया जा सकेगा।
अवैध खनन की समीक्षा के क्रम में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कुल वार्षिक लक्ष्य 13,657.04 लाख रुपये के विरुद्ध 12,261.21 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति की गई है। अवैध खनन के विरुद्ध अप्रैल 2025 से अब तक की गई कार्रवाई का विवरण देते हुए बताया गया कि कुल 1,478 छापेमारी, 236 प्राथमिकी, 70 गिरफ्तारी, 475 वाहन जब्त तथा 602.81 लाख रुपये की वसूली की गई है। जिलाधिकारी ने अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम हेतु प्रभावी एवं सतत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे जिले में विधि-व्यवस्था के संधारण में भी सहायता मिलेगी।
ईंट भट्ठों के संबंध में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 231 ईंट भट्ठे संचालित हैं, जिनमें से 110 द्वारा पूर्ण भुगतान किया गया है, जबकि 121 ईंट भट्ठे शून्य भुगतान की श्रेणी में हैं। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी रजौली, भूमि सुधार उपसमाहर्ता नवादा सदर, उत्पाद अधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी, ग्रामीण कार्य विभाग नवादा एवं रजौली के पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, डीपीओ शिक्षा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट