-जानबूझकर मुखिया को दी जा रही लूट की खुली छूट
नवादा : बिहार राज्य पंचायत राज विभाग ने जिले के अकबरपुर प्रखंड वकसंडा पंचायत मुखिया विनोद कुमार को पदमुक्त कर दिया। पदमुक्त किये लगभग दस दिनों का समय व्यतीत होने के बावजूद उप मुखिया को प्रभार दिलाने में अधिकारियों द्वारा रुचि नहीं दिखाई जा रही है। कारण स्पष्ट है मुखिया को लूट की खुली छूट देना। मुखिया को पदमुक्त से संबंधित पत्र आयुक्त सह लोकप्रहरी समेत तमाम अधिकारियों को उपलब्ध करायी गयी थी। इसके साथ ही पदमुक्त किये गये मुखिया को पांच वर्षों तक चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगा दी गयी है।
पंचायत राज के आदेश 2 प/ वि-17-39/2024के पत्रांक 3724 पं राज दिनांक 26/02/26 के अनुसार मुखिया ने 8,34,700 की राशि की निकासी अवैध रूप से कर ली थी। विभिन्न श्रोतों से करायी गयी जांच में इसकी पुष्टि होने के बाद लोकप्रहरी की अदालत ने दोषी पाए जाने के बाद पदमुक्त किये जाने की अनुसंशा पंचायत राज विभाग से की थी। विभाग ने मुखिया को अपना पक्ष रखने का मौका दिया लेकिन उनके जबाव से विभाग संतुष्ट नहीं हुआ तथा अंततः पदमुक्त करने का आदेश निर्गत किया। जानकारी पदमुक्त किये गये मुखिया समेत तमाम अधिकारियों को दी गयी थी।
मुखिया को पदमुक्त किये जाने की सूचना मिलते ही पंचायत वासियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी थी। लेकिन चंद दिनों बाद ही खुशी मातम में बदलती दिखाई दे रही है। और तो और मुखिया द्वारा अधिकारियों की मिलीभगत से एक साज़िश के तहत नियम विरुद्ध उप मुखिया के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाये जाने की साज़िश आरंभ कर दी गयी है ताकि मामले को अधिक दिनों तक लटकाया जा सके। ऐसे में अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में है।
भईया जी की रिपोर्ट