-आतिथ्य पा गदगद हुए यूपी व हरियाणा के जैन तीर्थयात्री, पत्रकार दीपक जैन ने जताया आभार
नवादा : स्थानीय जैन परिवार के साथ ही तीर्थयात्रा के लिए बिहार के विभिन्न जैन धर्मस्थलों के दर्शन-वंदन के लिए निकले उत्तर प्रदेश व हरियाणा के तीर्थयात्रियों के लिए इस बार नवादा में रंगोत्सव का महापर्व होली बहुत खास रहा। दरअसल चूड़ी नगरी फिरोजाबाद, कानपुर व आगरा (उत्तर प्रदेश) के साथ ही गुड़गांव (हरियाणा) के जैन तीर्थयात्री झारखंड व बिहार के विभिन्न जैन धर्मस्थलों के दर्शन-वंदन के लिए भ्रमण पर थे। रंगोत्सव के महापर्व होली के दिन ये तीर्थयात्री श्री सम्मेदशिखर जी (गिरिडीह), मंदारगिरी (बांका), चंपापुर (भागलपुर) व मलयपुर (जमुई) की तीर्थयात्रा करते भगवान महावीर के प्रथम शिष्य श्री गौतम गणधर स्वामी की निर्वाण व कैवल्य ज्ञान स्थली जिला मुख्यालय स्थित श्री गोणावां जी दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र पर पहुंचे थे।
कैवल्य ज्ञान स्थली जैन जल मंदिर से सिद्ध क्षेत्र जाने के क्रम में रास्ते में अपने आवास पर नवादा जैन समाज के प्रतिनिधि-सह-भगवान महावीर प्रथम साधना स्थली के महामंत्री पत्रकार दीपक जैन ने सभी तीर्थयात्रियों को आमंत्रित किया। सहर्ष आमंत्रण स्वीकारने पर दीपक जैन व उनके परिवार ने पूरे आत्मीय आतिथ्य भाव के साथ सभी तीर्थयात्रियों को गुलाल लगाया एवं हैप्पी होली बोल एक-दूसरे में उमंगों का संचार करते हुए रंगोत्सव के इस महापर्व होली को स्पेशल बना अनजानों के बीच असीम आत्मीय अपनेपन का अहसास कराया।
जहां अनजानों संग स्थानीय जैन परिवार के आत्मीय आतिथ्य व स्नेह भाव को पा सभी अतिथि तीर्थयात्री गदगद हुए, वहीं आत्मीय आतिथ्य का अवसर देने के लिए दीपक जैन, लक्ष्मी जैन, सुषमा जैन, श्रुति जैन व श्रेया जैन ने सभी अतिथि तीर्थयात्रियों के प्रति आभार प्रकट किया। इन जैन तीर्थयात्रियों के समूह में जिनेंद्र जैन, सीमा जैन, विपुल जैन, योगेंद्र प्रकाश जैन, संगीता जैन, जितेंद्र जैन, सीमा जैन, श्रुति जैन, निकेतन जैन व प्रियंका जैन (फिरोजाबाद), सोनल जैन (गुड़गांव), अनुराग जैन (कानपुर) व भावना जैन सहित कई अन्य शामिल थे।
भईया जी की रिपोर्ट