नवादा : नालसा एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार आशुतोष कुमार झा तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में दिनांक 04.03.2026 से 08.03.2026 तक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को कानूनी जानकारी प्रदान करने के लिए पैनल अधिवक्ताओं एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों द्वारा डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों एवं विभिन्न कानूनों के बारे में जानकारी प्रदान की जा रही है, ताकि उन्हें सशक्त बनाया जा सके। दिनांक 14.03.2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित पम्पलेट भी लोगों के बीच वितरित किए जा रहे हैं, ताकि लोग जागरूक होकर अपने-अपने वादों का निष्पादन करा सकें।
अभियान को सफल बनाने के लिए दिनांक 05.03.2026 को कौवाकोल प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में घर-घर जाकर पारा विधिक स्वयंसेवक श्री रामानुज कुमार द्वारा महिलाओं को कानूनी जानकारी से संबंधित प्रचार-प्रसार किया गया तथा विधिक सेवा से संबंधित पम्पलेट का वितरण किया गया। सभी पैनल अधिवक्ताओं एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने पंचायतों में घर-घर जाकर “प्राधिकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत महिलाओं को जागरूक करें, उन्हें विधिक सहायता प्रदान करें तथा विभिन्न कानूनों की जानकारी दें।
भईया जी की रिपोर्ट