नवादा : जिले के नरहट थाना क्षेत्र के मिसिरचक गांव के यादवों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला किया है। करीब आधा दर्जन लोगों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और परिवार के सदस्यों के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट की।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता जयंती देवी (पति प्रमोद राजवंशी) ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि गांव के ही अर्जुन यादव, रविन्द्र यादव, उपेन्द्र यादव (तीनों पिता स्व. राम लखन यादव), अभिमन्यु यादव, मुकेश कुमार (दोनों पिता अर्जुन यादव) और राजकुमार (पिता सुनील यादव) ने अचानक उनके घर पर धावा बोल दिया।
लाठी-डंडे और रॉड से हमला
आरोप है कि इन लोगों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जयंती देवी के पति प्रमोद राजवंशी को लाठी और लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया। जयंती देवी अपने पति को बचाने गईं, तो आरोपियों ने उनके साथ बदसलूकी की। हमलावरों ने जयंती देवी के गले से मंगलसूत्र और 10,000 रुपये नकद छीन लिए। दबंगों का कहर यहीं नहीं रुका, उन्होंने घर के भीतर घुसकर चूल्हा-चौकी और अन्य घरेलू सामान भी तोड़ डाले।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
बीच-बचाव करने आए जयंती देवी के ससुर को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उन पर लाठी से वार किया। हमले में प्रमोद राजवंशी का सर रॉड लगने से फट गया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। बताया जा रहा है कि सर में गंभीर चोट आने के कारण उन्हें बार-बार बेहोशी और उल्टियाँ हो रही हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए नरहट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से न्याय की गुहार
पीड़िता ने नरहट थानाध्यक्ष को आवेदन देकर सभी छह आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
भईया जी की रिपोर्ट