नवादा : जिले में एक पिता ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप दामाद और उसके ससुराल वालों पर लगाया है। गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के यशपुर निवासी गजेंद्र महतो ने अपनी बेटी पुष्पा वर्मा की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत के बाद नरहट थाने में न्याय की गुहार लगाई है। पिता का आरोप है कि सरकारी नौकरी लगने के बाद दामाद का अत्याचार और बढ़ गया था। दामाद आए दिन उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। दामाद के किसी महिला के साथ रिश्ते थे।
इसी वजह से इनकी बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। गजेंद्र महतो ने नरहट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पुष्पा वर्मा का शव संदिग्ध परिस्थतियों में मिला है। गजेंद्र महतो के अनुसार, उनकी बड़ी बेटी पुष्पा की शादी 2019 में जिले के नरहट थाना क्षेत्र के बड़ी पाली निवासी अजीत वर्मा से हुई थी। शादी के शुरुआती कुछ साल सब ठीक रहा, लेकिन बाद में पति अजीत और ससुराल वाले पुष्पा को प्रताड़ित करने लगे और मारपीट भी करते थे।
दो महीने पहले अजीत ने की थी पुष्पा से मारपीट
पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि शादी कराने वाले और परिवार के अन्य सदस्य हमेशा उन्हें समझाते थे। पुष्पा अपने पिता को अपने साथ हुई हर बात बताती थी। करीब दो महीने पहले भी अजीत ने पुष्पा के साथ मारपीट की थी, जिसकी जानकारी पुष्पा ने अपने पिता को दी थी।
दामाद ने दो महीने दी थी बेटी को मारने की धमकी
उस समय गजेंद्र महतो के गांव के चाचा उदय और रामप्रवेश ने अजीत को समझाया था। अजीत ने धमकी दी थी कि अगर पुष्पा को वापस नहीं ले जाया गया तो वह उसे जान से मार देगा। गांव वालों के समझाने पर कि लड़की को कहां रखेंगे, गजेंद्र ने पुष्पा को ससुराल में ही छोड़ दिया। इसके बाद पुष्पा और अजीत अपने नए घर में चले गए।
पहले कहा पुष्पा कहीं चली गई, फिर बताया मौत हो गई
गजेंद्र महतो ने बताया कि करीब 2-3 दिन पहले अजीत ने फोन कर बताया कि पुष्पा कहीं चली गई है। लगभग आधे घंटे बाद अजीत ने फिर फोन कर पुष्पा की मृत्यु की सूचना दी। सुबह जब गजेंद्र महतो नवादा पहुंचे तो उन्होंने अपनी बेटी का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा पाया। उन्होंने दामाद अजीत वर्मा पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
भईया जी की रिपोर्ट