नवादा : डीबीएस एवं पीसीआई इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड प्रोजेक्ट के माध्यम से ज्ञान गंगा स्वयंसिद्धा महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड हिसुआ द्वारा कैथिर पंचायत के इंटर उच्च विद्यालय श्रीरामपुर में निःशुल्क आँख जाँच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत् उद्घाटन पीसीआई इंडिया पटना से एजाज अहमद, कैथिर पंचायत की मुखिया प्रतिनिधि टुनटुन प्रसाद सिंह पूर्व मुखिया अरविंद माँझी, इंटर उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापिका सुनीता कुमारी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय के अनंत कुमार वशिष्ठ समिति अध्यक्ष सरस्वती देवी, सीईओ आनन्द प्रकाश एवं पीपुल्स एक्शन फॉर डेवलपमेंट के सचिव रामयतन प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में कुल 246 महिलाओं को आँख जाँच कर निःशुल्क चश्मा वितरण किया गया। पीसीआई के एजाज अहमद द्वारा लोगों को बताया गया कि इस योजना के तहत वैसे सभी जरूरतमंद महिलाओं को जिसको नजदीक की वस्तु, सुई में धागा समाना एवं अन्य कार्य करने में दिक्कत होती है उन्हीं को जाँच कर चश्मा दिया जाना है। बताया गया कि बढ़ती उम्र के साथ नजदीक की वस्तु दिखाई देने में दिक्कत हो तो उसे प्रेसबायोपिया की समस्या से जूझना पड़ता है,जिसको एक साधारण चश्मा लगाकर ठीक किया जा सकता है, एवं इसके द्वारा वो अपने आमदनी में भी बढ़ोतरी कर सकते है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिलायें अपने स्वास्थ्य की उपेक्षा कर देती हैं, जिससे उनके कार्य क्षमता प्रभावित होती है,और ऐसे में ज्ञान गंगा महिला समिति द्वारा नियमित नेत्र जाँच एवं जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय कार्य है। समिति अध्यक्ष सरस्वती देवी ने बताया कि पीसीआई इंडिया के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं कार्यसक्षम बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर एवं चश्मा वितरण कार्यक्रम के द्वारा अपने प्रखंड के सभी पंचायतों के कुल 10,000 दस हजार वैसे जरूरतमंद महिलाओं को चश्मा ज्ञान गंगा फेडरेशन द्वारा मुफ्त में दिया जाएगा।
शिविर में प्रशिक्षित महिलाओं के द्वारा कुल 268 महिलाओं की आँख की जाँच की गई। जाँच के दौरान 246 महिलाओं में दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई, जिन्हें उनकी आवश्यकतानुसार भिन्न-भिन्न पावर का चश्मा उपलब्ध कराया गया तथा जाँच के दौरान 22 वैसे महिलाओं को आँख के बेहतर ईलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया।शिविर को सफल बनाने के लिए मौके पर सीईओ आनन्द प्रकाश, अकाउंटेंट पवन कुमार, संजीवन माँझी प्रशिक्षक साधना कुमारी, नेहा कुमारी, नीलम देवी, चिंता देवी,पूजा कुमारी,प्रियंका कुमारी एवं फेडरेशन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित हुई।
भईया जी की रिपोर्ट