मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने एक बड़े संगठित देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है। छतौनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाल बिछाकर गिरोह के मुख्य सरगना नंदलाल सहित चार महिलाओं को हिरासत में लिया है। यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से तकनीक का इस्तेमाल कर अवैध धंधा संचालित कर रहा था। एएसपी हेमंत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर में एक संगठित देह व्यापार गिरोह सक्रिय है।
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने एक सिपाही को सिविल ड्रेस में फर्जी ग्राहक बनाकर भेजा। गिरोह के सरगना नंदलाल ने सिपाही को WhatsApp पर कई लड़कियों की तस्वीरें दिखाईं और सौदेबाजी शुरू की। जैसे ही सौदा तय हुआ, पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथ दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी नंदलाल ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
आरोपी ग्राहकों को WhatsApp पर फोटो भेजता था और पसंद आने पर QR कोड के जरिए एडवांस भुगतान लेता था। पकड़े जाने के डर से आरोपी एक जगह धंधा चलाने के बजाय लड़कियों को सीधे ग्राहकों के बताए पते पर भेजता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि मांग बढ़ने पर वह दिल्ली और अन्य राज्यों से भी लड़कियां बुलाता था। आरोपी ने बताया कि उसे इस तरह का रैकेट चलाने का विचार एक टीवी क्राइम शो देखकर आया था।
मोतिहारी एसएसपी हेमंत सिंह ने बताया कि सरगना की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इन महिलाओं ने भी इस अवैध कारोबार में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। यह गिरोह पिछले 7-8 महीनों से सक्रिय था। गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके संपर्कों का पता लगाने के लिए छापेमारी जारी है। जिले में अनैतिक कार्यों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।