पटना : बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्य में बढ़ते अपराध के ग्राफ को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि राज्य में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी सीमांचल दौरे पर भी तंज कसते हुए बड़ा आरोप लगाया है।
बिहार विधानसभा के बाहर आज नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर व्यक्तिगत हमला भी बोला। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री जी अब बहुत कमजोर हो गए हैं। उन्हें यह तक याद नहीं रहता कि राज्य में क्या हो रहा है। जो नीतीश कुमार कभी गृह विभाग अपने पास रखते थे, आज उन्होंने भाजपा के दबाव में घुटने टेक दिए हैं।” प्रदेश में हर दिन हत्या, बलात्कार और गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। राज्य में दो-दो उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों की फौज है, लेकिन जनता खौफ में रह रही है।
वहीँ, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगामी सीमांचल दौरे पर तंज कसते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसे विशुद्ध रूप से बंगाल चुनाव की तैयारी बताया हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का ध्यान जनता की समस्याओं पर नहीं, बल्कि चुनावों पर है। साथ ही तेजस्वी ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ देश का रुपया लगातार कमजोर हो रहा है, दूसरी तरफ अमेरिका (ट्रंप प्रशासन) अपनी मर्जी से भारत पर टैरिफ थोप रहा है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति चरमरा रही है।