नवादा : नालसा एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार तथा प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मार्गदर्शन में दिनांक 14.03.2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत एवं व्यवहार न्यायालय, में संचालित मध्यस्थता 2.0 कैम्पेन को सफल बनाने हेतु दिनांक 17.02.2026 को लाईब्रेरी हॉल, व्यवहार न्यायालय, में बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा की गई।
बैठक में जिले के सभी थानाध्यक्षों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि विभिन्न न्यायालयों में लंबित सुलहनीय वादों तथा मध्यस्थता योग्य मामलों के पक्षकारों को निर्गत नोटिसों की प्रभावी तामिला सुनिश्चित करें। साथ ही, नोटिस प्राप्त पक्षकारों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु विशेष प्रयास करने को कहा गया, ताकि अधिकाधिक मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मध्यस्थता कैम्पेन के माध्यम से कराया जा सके।
सचिव महोदय ने कहा कि लोक अदालत एवं मध्यस्थता प्रक्रिया के माध्यम से पक्षकारों को त्वरित, सुलभ एवं कम खर्चीला न्याय प्राप्त होता है। अतः पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका से अधिकाधिक मामलों का आपसी सुलह के आधार पर निपटारा संभव हो सकेगा, जिससे न्यायालयों में लंबित वादों की संख्या में भी कमी आएगी। बैठक में नगर थाना, मुफसिल, नारदीगंज, हिसुआ, नरहट, सिरदला, अकबरपुर, काशीचक, मेसकौर, वारिसलीगंज, पकरीबरावां, गोविन्दपुर, कौवाकोल, परनाडाबर, कादिरगंज, सीतामढ़ी, थाली, नेमदारगंज, रूपौ, धमौल, शाहपुर सहित अन्य थानों के थानाध्यक्ष / थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट