नवादा : पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद ने सदर प्रखंड स्थित गोनी पहाड़ी के निकट हाजी हरमैन शाह के मजार पर चादरपोशी करते हुए आम आवाम के लिए सुख समृद्धि की कामना की। पीर बाबा के नाम से प्रचलित इस मजार पर राजबल्लभ परिवार के द्वारा प्रतिवर्ष चादरपोशी की जाती रही है। इस अवसर पर सभी धर्म व संप्रदाय के श्रद्धालु जुटते हैं जिससे वहां मेला का रूप हो जाता है।
इस वर्ष स्वयं राजबल्लभ प्रसाद ने चादरपोशी की और जिला वासियों के लिए दुआ मांगी। उन्होंने इस उर्स मेले की सारी व्यवस्था स्वयं कराया और मेले में साफ सफाई, प्रकाश, पेय जल एवं साज सज्जा का बेहतरीन इंतजाम किया। संध्याकाल में कव्वाल अजहर साबरी और महिला कव्वाल सना वारसी के बीच कव्वाली मुकाबला का सांस्कृतिक आयोजन भी किया गया जो देर रात तक चलना है।
खास कर सूफी मिजाज के कव्वाली से लोग सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी संबंधों के सामाजिक महत्व को समझ पाएंगे। चादरपोशी का पारंपरिक विधान वहां के मुजाविर लल्लू शाह ने निभाया और राजबल्लभ परिवार समेत समस्त श्रद्धालुओं को बरकत, सुखी जीवन तथा दीर्घायु होने की कामना की। मौके पर अरुण सिन्हा, अजय यादव, तारो खान, मथुरा यादव, पंकज यादव समेत सैकड़ों नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट