– पुलिस स्थिति पर रख रही नजर
नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड नेमदारगंज थाना क्षेत्र के महेशडीह गांव में कब्रिस्तान की भूमि पर विवाह भवन निर्माण को ले दो समुदायों के लोग आपस में भिड़ गए। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने बड़ी घटना होने से बचा लिया। पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है। बताया जाता है कि सरकार ने प्रत्येक पंचायत में विवाह भवन निर्माण कराने की घोषणा की है। घोषणा के अनुसार महेशडीह गांव में विवाह भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गयी है।
अल्पसंख्यक समुदाय का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से कब्रिस्तान के पास नट समुदाय के लोग निवास कर रहे हैं। उन्हें जबरन हटाकर जाति विशेष के लोग जबरन विवाह भवन निर्माण कराना चाह रहे हैं। कब्रिस्तान से सटे मनोज सिंह की निजी जमीन रहने के बावजूद कब्रिस्तान की भूमि पर सबकी निगाहें हैं। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट किया गया।
सूचना थानाध्यक्ष को दी गयी। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रित किया। बावजूद कब्रिस्तान की भूमि पर बलपूर्वक कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस बावत थाने को आवेदन देकर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ सुरक्षा की गुहार लगायी है। राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य अफरोजा खातुन ने रजौली अनुमंडल पदाधिकारी व एसडीपीओ से बातें कर अल्पसंख्यकों के साथ कब्रिस्तान भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
भईया जी की रिपोर्ट