नवादा : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा-2026 के आठवें दिन दिनांक 11 फरवरी 2026 को जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा सुचारु रूप से संचालित की गई। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी परीक्षा केन्द्रों पर लगातार निरीक्षण एवं भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था का जायजा लेते रहे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु सभी केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से अपराह्न 05:15 बजे तक संचालित हुई।
आठवें दिन प्रथम पाली में म्यूजिक विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 94 परीक्षार्थियों में से 91 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 03 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। द्वितीय पाली में होम साइंस विषय की परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 5,919 परीक्षार्थियों में से 5,851 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 68 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
भईया जी की रिपोर्ट