बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान जारी है। आज बुधवार की सुबह—सुबह STF ने राजधानी पटना के गायघाट पुल के नीचे मोस्ट वांटेड अपराधी राजीव कुमार उर्फ सूर्या को गोली मारने के बाद दबोच लिया। कुख्यात सूर्या रंगदारी वसूलने आया था, इसी दौरान एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने उसे पटना के गायघाट ब्रिज के नीचे घेर लिया। कुख्यात सूर्या ने अपने को घिरता देख गोलीबारी शुरू कर दीं। इस शूटआउट के दौरान उसे गोली लगी जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
जानकारी के अनुसार STF की जवाबी फायरिंग में सूर्या के पैर में गोली लगी। उसे घायल हालत में तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, सूर्या लंबे समय से वांटेड था और उसके खिलाफ लूट, डकैती, अवैध हथियार, चोरी के सामान की तस्करी, धोखाधड़ी और शराब तस्करी समेत दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह पटना के खाजेकलां इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
घेराबंदी के बाद फायरिंग शुरू हुई
STF को जानकारी मिली थी कि सूर्या गायघाट इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद आलमगंज थाना की पुलिस और STF की टीम ने सुबह-सुबह इलाके में रेड मारी और उसे घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा हुआ महसूस करते ही उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। करीब तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गिर गया। उसे तुरंत पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि मौके से एक पिस्टल, कारतूस और दूसरी चीजें बरामद हुई हैं। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से सबूत इकट्ठा किए। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने गायघाट और आस-पास के इलाके को घेर लिया है। उसके साथियों के भी आस-पास होने की संभावना है। एक्स्ट्रा फोर्स तैनात कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन चल रहा है।
रंगदारी वसूलने आया था सूर्या
सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि राजीव कुमार उर्फ सूर्या रंगदारी वसूलने के इरादे से गायघाट इलाके में आने वाला है। सूचना मिलते ही आलमगंज थाना पुलिस और एसटीएफ (STF) की टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही पुलिस टीम ने सूर्या को घेरने की कोशिश की, अपराधी ने टीम पर अचानक हमला बोल दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सूर्या के पैर में एक गोली लगी। इसके बाद उसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया। परिचय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से 01 देसी कट्टा, 01 जिंदा कारतूस तथा 01 गोली का खोखा बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त राजीव उर्फ सूर्या का पुराना और गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब उन मामलों की सूची तैयार कर रही है जिनमें वह वांछित था। वर्तमान मामले में पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।