– डीएम ने किया निरीक्षण , दिया जरूरी निर्देश
नवादा : जिलाधिकारी ने आवारा कुत्तों की जनसंख्या नियंत्रण एवं नागरिक सुरक्षा के उद्देश्य से निर्मित श्वान बंध्याकरण केन्द्र का निरीक्षण किया। उक्त श्वान बंध्याकरण केन्द्र का निर्माण बुधौल क्षेत्र में किया गया है। आवारा कुत्तों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पकड़कर केन्द्र तक लाने के लिए विशेष वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। श्वान बंध्याकरण केन्द्र में आवश्यक आधारभूत संरचनाओं की व्यवस्था की गई है, जिसमें 01 हॉल (Dog Ponds हेतु), 01 कक्ष (एनेस्थीसिया हेतु) तथा 01 कक्ष (ऑपरेशन थिएटर हेतु) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, पकड़े गए कुत्तों को रखने एवं निगरानी के लिए कुल 06 डॉग पॉन्ड्स उपलब्ध कराए गए हैं, जहाँ कुत्तों को तीन दिनों तक अवलोकन (Observation) में रखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि अवलोकन अवधि पूर्ण होने के उपरांत दक्ष एवं अधिकृत एजेंसी द्वारा कुत्तों का बंध्याकरण किया जाएगा। बंध्याकरण प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कुत्तों को उसी स्थान पर सुरक्षित रूप से पुनः छोड़ दिया जाएगा, जहाँ से उन्हें पकड़ा गया था।
जिलाधिकारी द्वारा केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, पशु कल्याण मानकों तथा संचालन व्यवस्था का जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। यह पहल आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रण, नागरिकों की सुरक्षा तथा पशु कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मौके पर पर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद्, माननीय मुख्य पार्षद प्रतिनिधि श्री संजय कुमार तथा नगर परिषद् के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट