-तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
नवादा : जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में हुई हत्या मामले में पुलिस ने तीन हत्याभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान बिरजू यादव के 20 साल के इकलौते पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई थी। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित टीम ने इस मामले का खुलासा किया।
मामले में दो नाबालिग आरोपी
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें दो किशोरों पर भी कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में भगवानपुर गांव निवासी सुनील कुमार (राजू यादव का पुत्र), दिनेश कुमार (रामअवतार प्रसाद का पुत्र) और दिनेश यादव (स्वर्गीय महावीर यादव का पुत्र) शामिल हैं।
डीजे बजाने पर हुआ था विवाद
एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सरस्वती पूजा के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद मारपीट भी हुई थी और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के चलते सुभाष की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। एसडीपीओ ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों ने पूछताछ में गमछे से गला घोंटकर युवक की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
भईया जी की रिपोर्ट