नवादा : जिले में बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में निगरानी की टीम ने रोह अंचल कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार को 35 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। निगरानी डीएसपी विकास श्रीवास्तव ने बताया कि निगरानी विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि रोह अंचल में तैनात राजस्व कर्मचारी गुलशन कुमार जमीन संबंधी कार्यों के निष्पादन के बदले मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी की विशेष टीम ने नवादा में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने कर्मचारी को 35 हजार रुपये की पहली किस्त थमाई, पहले से तैनात निगरानी की टीम ने गुलशन कुमार को धर दबोचा।
उन्होंने बताया कि आरोपी कर्मचारी गुलशन कुमार को गिरफ्तार करने के बाद टीम उसे पटना ले जायेगी। गिरफ्तारी के दौरान टीम ने वैज्ञानिक तरीके से रंगे हाथों पकड़ने के लिए केमिकल लगे नोटों का इस्तेमाल किया था, जिससे अपराध पूरी तरह साबित हो सके। अब आरोपी से कड़ी पूछताछ की जाएगी, ताकि रिश्वतखोरी के सिंडिकेट में शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके। निगरानी विभाग ने जनता से अपील की है कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो बेझिझक विभाग को सूचित करें।
मिली जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी द्वारा एक व्यक्ति से उसकी जमीन के काम (संभवतः दाखिल-खारिज या जमीन का रसीद काटने) के बदले अवैध रूप से पैसों की मांग की जा रही थी। पीड़ित ने जब इसकी शिकायत पटना निगरानी ब्यूरो से की, तो विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का खाका तैयार किया। कर्मचारी के पास से बरामद रिश्वत की राशि को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया। निगरानी की कार्रवाई से रोह अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया। बताते चलें कि नवादा में पिछले एक महीने में निगरानी की यह दूसरी कार्रवाई है। इसके पूर्व 2 जनवरी 2026 को अकबरपुर थाने के एक दारोगा को घूस लेते गिरफ्तार किया गया था।
भईया जी की रिपोर्ट