मुजफ्फरपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जहां बीते दिन एक पान दुकानदार की बीच सड़क चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को नगर थाना क्षेत्र में गोला रोड के पास अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान पान दुकानदार मनोज कुमार के रुप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गरीबस्थान मंदिर के समीप पान दुकानदार मनोज कुमार का गला बीच सड़क रेत दिया गया। जख्मी हालत में उसे स्थानीय लोगों ने सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरूआती जांच में पुलिस ने इसे आपसी रंजिश मानकर तफ्तीश शुरू की। लेकिन इसी दौरान एक ऐसा सुराग मिला कि पूरी कहानी पलट गई। मृतक पान दुकानदार की मां मुन्नी देवी ने पुलिस को इस हत्या के लिए अपनी बहू और उसके प्रेमी को जिम्मेदार बताया।
मृतक की मां ने पुलिस को बताया राज
मृतक की मां मुन्नी देवी ने बहू के आशिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बहू ने ही अपने प्रेमी और उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर मेरे बेटे की हत्या की है। उसने पुलिस को बताया कि मनोज माखन साह चौक के पास ही पान की गुमटी चलाता था। उसकी दस साल पहले निशू देवी से शादी हुई थी जिससे दो पुत्रियां पायल कुमारी (08) व पल्लवी कुमारी (06) हैं। उसकी बहू का काफी समय से गरीबस्थान मंदिर के समीप एक आभूषण दुकान में काम करने वाले कारीगर से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। बीते दिन सुबह मनोज ने अपनी पत्नी का मोबाइल चेक किया था। मनोज को उसके मोबाइल में उसके प्रेमी के साथ चैटिंग, वीडियो कॉल का स्क्रीन शॉट और उसके कई फोटो मिले थे। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच सुबह में विवाद हुआ जिसके बाद पत्नी घर से निकल गयी थी। इसके बाद संभवत: उसने इसकी सूचना कॉल कर अपने प्रेमी को दे दी।
फोन कर बुलाया और करवा दी हत्या
मनोज कुमार की मां ने पुलिस को बताया कि बहू के घर से निकलने के बाद मनोज को किसी ने फोन कर बुलाया। मनोज फोन पर बात करते हुए अपने घर से बाहर निकल गया था। उसने कहा कि किसी अनहोनी की आशंका पर मैं भी दौड़ते हुए बेटे के पीछे दुर्गा स्थान तक गयी थी। लेकिन, गुस्से में वह तेज से आगे निकल गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि गरीबस्थान मंदिर से सटे केपी गली में उसके बेटा का गला रेत दिया गया है। मुन्नी देवी ने बेटे की हत्या का आरोप बहू और उसके प्रेमी पिंटू पर लगाया। घटना वाले दिन बहू के प्रेमी ने मनोज को फोन किया, जिसके बाद मनोज वहां गए। आरोप है कि पिंटू ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।