-इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा–2026 का प्रथम दिन शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न, कदाचार के प्रयास पर विधिसम्मत कार्रवाई
नवादा : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आज दिनांक 02 फरवरी 2026 से इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा–2026 का आयोजन किया जा रहा है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के निर्देशों के आलोक में स्वच्छ, कदाचार-मुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने हेतु सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचार-मुक्त वातावरण में सम्पन्न हुई। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी परीक्षा केन्द्रों पर लगातार निरीक्षण एवं भ्रमणशील रूप से उपस्थित रहे। परीक्षा के प्रथम दिन प्रथम पाली में जीव विज्ञान एवं दर्शनशास्त्र (फिलॉसफी) तथा द्वितीय पाली में अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा आयोजित की गई। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से अपराह्न 12:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से अपराह्न 05:15 बजे तक संचालित हुई।
आज की उपस्थिति का विवरण निम्नानुसार है:—
प्रथम पाली में कुल परीक्षार्थियों की संख्या 17,439 थी, जिनमें से 17,225 परीक्षार्थी उपस्थित रहे तथा 214 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। प्रथम पाली में 13 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया। द्वितीय पाली में कुल 1,369 परीक्षार्थियों में से 1,317 परीक्षार्थी उपस्थित रहे एवं 52 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। द्वितीय पाली में निष्कासित परीक्षार्थियों की संख्या शून्य रही।
प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान निर्धारित समय के पश्चात कुछ परीक्षार्थियों द्वारा परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिए जाने पर दीवाल फाँदकर एवं अन्य अनुचित माध्यमों से अवैध रूप से परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने का प्रयास किया , जिसे परीक्षा की शुचिता एवं अनुशासन के प्रतिकूल मानते हुए 17 परीक्षार्थियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
इस क्रम में नगर थाना, नवादा में कन्हाई इंटर विद्यालय, नवादा की 01(राधिका कुमारी), गांधी इंटर विद्यालय, नवादा की 09(सबो कुमारी, सुरुचि कुमारी, जयंती कुमारी, पूजा कुमारी, निमी कुमारी, नीलम कुमारी, सुनीति कुमारी, स्नेहा कुमारी एवं सजनी कुमारी) तथा कन्या इंटर विद्यालय, नवादा की 06 (पल्बी कुमारी, सीमा कुमारी, पायल कुमारी, वैभवी कुमारी, सुप्रिया कुमारी एवं सुहानी कुमारी) परीक्षार्थियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। हिसुआ थाना में प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, हिसुआ की 01 (राहुल कुमार) परीक्षार्थी के विरुद्ध अनुचित प्रवेश प्रयास के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भईया जी की रिपोर्ट