बिहार विधानसभा में आज मंगलवार का दिन बहुत अहम है क्योंकि आज ही नीतीश सरकार बिहार बजट पेश करेगी। खबर है कि दिन के 2 बजे वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव सदन में बिहार सरकार का बजट 2026—27 पेश करेंगे। अटकलें हैं कि इसबार बिहार का बजट 4 लाख करोड़ से ऊपर का हो सकता है। आज सदन की कार्यवाही जैसे ही शुरू हुई, सबसे पहले मोकामा से विधानसभा चुनाव जीतने वाले जदयू के बाहुबली नेता अनंत सिंह ने विधायक पद की शपथ ली। पटना सिविल कोर्ट ने कल सोमवार को उन्हें शपथ लेने के लिए अनुमति दे दी थी। दरअसल, अनंत सिंह चुनाव के दौरान दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिये गए थे। गिरफ्तारी के बाद से ही वे पटना के बेऊर जेल में बंद थे। आज सुबह उन्हें विधायकी की शपथ लेने के लिए एक एंबुलेंस में बेऊर जेल से बिहार विधानसभा लाया गया था।
आज पेश होने वाले बजट की बात करें तो इसमें प्रदेश के युवाओं, महिलाओं और किसानों पर मुख्य फोकस रहने की उम्मीद है। नीतीश सरकार 2025 के विधानसभा चुनाव के पहले से ही युवाओं को एक करोड़ नौकरियां देने का वादा कर चुकी है। ऐसे में रोजगार को बढ़ावा देने के लिए फैसले लिये जा सकते हैं। मालूम हो कि पिछले दो दशकों में बिहार के बजट का आकार 26 हजार करोड़ (2005-06) से बढ़कर 3.17 लाख करोड़ (2025-26) के पार पहुंच चुका है। लिहाजा अबकी बार बिहार का बजट साढ़े तीन लाख करोड़ से चार लाख करोड़ तक के आंकड़े तक पहुंच सकता है। बिहार के बजट में इस बार सड़क और कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। राज्य में 5 नए एक्सप्रेस-वे बनाने के लिए राशि मिल सकती है जिसके तहत बिहार सरकार के हिस्से आने वाली राशि का इंतजाम किया जाएगा। इसमें शहर से लेकर गांव में अच्छी सड़कें बनाने के लिए करीब 9000 करोड़ रुपए और हाईवे, पुल-पुलिया आदि पर 5500 करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं। साथ ही सरकार 5 नए टाउनशिप विकसित करने के लिए फंड दे सकती है।
आज सुबह जैसे ही बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्ष के विधायकों ने हंगामा मचाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने बिहार में बिगड़ते लॉ एंड ऑर्डर को मुद्दा बनाया और नीतीश सरकार पर निशाना साधा। इसपर स्पीकर प्रेम कुमार ने कहा कि आप लोग पूर्णकाल में अपनी बात रखिएगा। प्रश्नोत्तर काल के दौरान सदस्यों ने शिक्षक बहाली और शिक्षकों से संबंधित सवाल पूछे जिसका शिक्षा मंत्री ने सिलसिलेवार जवाब दिया। विधायक दामोदर रावत और माले विधायक संदीप सौरभ ने शिक्षकों की बहाली का मुद्दा उठाया। बजट सत्र के दूसरे दिन 11 बजे से सदन की कार्यवाही शुरू हुई जिसमें प्रश्नोत्तर काल के बाद दोपहर 2 बजे वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव बजट पेश करेंगे।