नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया है कि आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उक्त उद्देश्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है। जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा कुल 116 शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा कई शिकायतों का ऑन स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना नवादा सदर अंतर्गत पुरानी बाजार निवासी रेणु देवी द्वारा भूमि से संबंधित आवेदन, थाना काशीचक अंतर्गत बौरी निवासी अशोक पंडित द्वारा मुआवजा से संबंधित आवेदन, थाना पकरीबरावां अंतर्गत पकरीबरावां निवासी कुमारी देवी द्वारा भूमि विवाद से संबंधित आवेदन तथा थाना वारिसलीगंज अंतर्गत साम्बे निवासी गोंदा पासवान द्वारा अनुकंपा के आधार पर लाभ से संबंधित आवेदन सहित अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्रस्तुत की गईं।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में नवादा सदर अनुमंडल सहित जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिससे आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु सुलभ मंच प्राप्त हुआ।
भईया जी की रिपोर्ट