महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन आज बुधवार की सुबह करीब 8.45 पर अचानक क्रैश हो गया जिससे उनकी मौत हो गई। खबर है कि इस हादसे में एनसीपी अजित गुट के मुखिया और एनसीपी के दिग्गज नेता अजित पवार समेत कुल 5 लोगों की मौत हुई है। प्रधानमंत्री मोदी ने अजित पवार के असमय निधन पर दुख जताया है। बताया जाता है कि अजित पवार बारामती में एक सभा में भाग लेने के लिए आज सुबह जा रहे थे। इसी दौरान बारामती में लैंडिंग के दौरान यह हादसा हुआ। डीजीसीए के अनुसार विमान में 2 क्रू मेंबर के अलावा अजित पवार के सुरक्षा गार्ड भी उनके साथ सवार थे। यह एक चार्टर विमान था जो मुंबई से बारामती जा रहा था। जानकारी के अनुसार बारामती हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान ये विमान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।
बताया जाता है कि बारामती एयरपोर्ट पर विमान की पहली लैंडिंग फेल होने के बाद दूसरी लैंडिंग करते समय विमान का संतुलन बिगड़ गया और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जमीन से टक्कर के बाद विमान में आग लग गई। घटनास्थल से सामने आईं तस्वीरों से पता चल रहा है कि हादसा रनवे से कुछ दूर एक खेत में हुआ। अजित पवार आज सुबह 8 बजे चार्टर प्लेन से मुंबई से बरामती के लिए रवाना हुए थे। आज बारामती में उनकी चार महत्वपूर्ण प्रचार सभाएं आयोजित की गई थी जिसमें भाग लेने के लिए वे जा रहे थे। अजित पवार के निधन की खबर से बारामती समेत पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर दौड़ गई है। लैंडिंग के समय विमान में तकनीकी खराबी आने की आशंका जताई जा रही है। ये भीषण हादसा ऐसे समय हुआ है, जब महाराष्ट्र में जिला परिषद चुनाव चल रहे हैं और अजित पवार को बारामती में इसी को लेकर कई जनसभाओं को संबोधित करना था।
इधर अजित पवार के निधन की खबर के बाद देश के सियासी हलके में भी शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र के बारामती में हुए दुखद विमान हादसे से बहुत दुख हुआ। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति और हिम्मत मिले, इसके लिए प्रार्थना करता हूं। वहीं अजित पवार की चचेरी बहन और शरद पवार की बेटी सांसद सुप्रिया सुले ने भी अपना दर्द साझा किया और अपने व्हाट्सएप स्टेटस में सिर्फ एक शब्द लिखा। सुप्रिया सुले ने लिखा-‘Devasted’ यानी हद से अधिक स्तब्ध या परेशान। अजित पवार के असमय निधन पर महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ‘महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का विमान दुर्घटना में जीवन खो देना बेहद दुखद है। निजी जीवन में वे मेरे अच्छे मित्र थे। हमने कई चुनौतियों का सामना साथ किया। जिस समय वे महाराष्ट्र के विकास में अहम योगदान दे रहे थे, उसी दौरान उनका जाना भारी नुकसान है’।