नवादा : बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद चन्द्रवंशी गोविंदपुर विधानसभा के रोह प्रखंड अंतर्गत डेगमा गांव पहुंचे। मंत्री के सम्मान में ग्रामीणों द्वारा भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया । समारोह में ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं नारों के साथ मंत्री का जोरदार स्वागत किया। भारत रत्न, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था । मौके पर गोविंदपुर की विधायिका बिनीता मेहता एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता मौजूद थे।
उपस्थित लोगों ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मंत्री प्रमोद चन्द्रवंशी ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक थे । उन्होंने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को अधिकार और सम्मान दिलाने का कार्य किया ।आज बिहार सरकार उनके सपनों का बिहार बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है । सहकारिता के माध्यम से हर गांव को सशक्त किया जा रहा है, जिससे किसान, युवा और महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें।
गोविंदपुर की विधायक बिनीता मेहता ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर का संपूर्ण जीवन वंचित और पिछड़े समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा । उन्होंने कहा कि गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और जनता को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने कहा कि भाजपा की सरकार केवल घोषणाओं में नहीं, बल्कि धरातल पर विकास को उतारने में विश्वास रखती है । केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं और यही कर्पूरी ठाकुर के आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री नंदकिशोर चौरसिया, उपाध्यक्ष विनोद भोली, जिला मंत्री उपेंद्र चन्द्रवंशी, जदयू नेता मोहन चन्द्रवंशी, विकास कुमार, डॉ केपी सिंह, अनिरुद्ध सिंह, मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, तरुण राजवंशी, अजय वर्मा, अजय सिंह, विनय कुमार, नीतू कुमारी, सरोज चन्द्रवंशी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट