पटना के निकट मनेर थाना क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे बीती रात अभूषण दुकान में लूट को अंजाम देने वाले अपराधियों को दबोचने गई पुलिस की बदमाशों के साथ भीषण मुठभेड़ हो गई। इसमें लूटकांड के एक आरोपी को पुलिस ने गोली मारने के बाद दबोच लिया। बताया गया कि जैसे ही अपराधियों को खुद के पुलिस द्वारा घेरे जाने की भनक लगी, उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। इस दौरान मनेर SHO बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में पुलिस की गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से दो हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार करीब छह दिन पहले मनेर बस्ती रोड स्थित गणपति ज्वेलर्स के मालिक संजय सोनी के साथ लूट और इस दौरान उन पर गोली चलाने वाले अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में सूचना मिली कि कुछ अपराधी गंगा किनारे जुटे हुए है। पुलिस ने वहां पहुंचकर घेरेबंदी की जिस दौरान बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद मनेर थाना क्षेत्र के रतन टोला–सादिकपुर स्थित गंगा नदी के किनारे पुलिस और अपराधियों के बीच काफी देर तक भीषण मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ के दौरान मनेर थाना अध्यक्ष रजनीश कुमार समेत पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। वहीं, दो अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। मुठभेड़ में घायल अपराधी की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के सुअर मरवा पंचायत अंतर्गत चौरासी गांव निवासी सुभाष राय के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। मुठभेड़ के क्रम में दो बदमाश मौके से भाग गए। फरार हुए दोनों अपराधियों की पहचान कर ली गई है। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह और दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।