समस्तीपुर जंक्शन पर बीती देर रात एक चलती ट्रेन में स्टशन पर रखा हाइड्रेंट पाइप फंस गया जिससे रगड़ के कारण डिब्बे से चिंगारी निकलने लगी। इससे वहां अफरा—तफरी मच गई। यह हाइड्रेंट पाइप रेल डिब्बों में पानी भरने के लिए स्टेशन पर रखा हुआ था जो लुढ़क कर चलती ट्रेन में फंस गया। इस घटना का पता चलते ही लोको पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी वरना एक बड़ा रेल हादसा हो जाता। जानकारी के अनुसार समस्तीपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर असुरक्षित रूप से रखा हाइड्रेंट पाइप अचानक चलती ट्रेन में फंस गया। हालांकि इस दौरान जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। इस हादसे को समस्तीपुर रेल प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए कुछ रेलकर्मियों पर दंडात्मक कार्रवाई की है। पता चला कि इस वाकये की चपेट में ट्रेन संख्या 13032 जयनगर–हावड़ा एक्सप्रेस को करीब दो घंटे से अधिक समय तक वहां रोकना पड़ा
गैस कटर से पाइप को काटकर हटाया
बताया जाता है कि समस्तीपुर जंक्शन पर बीती रात करीब 11 बजे ट्रेन संख्या 13032 जयनगर–हावड़ा एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर आने के दौरान मुजफ्फरपुर छोर पर तुरंत वाटरिंग कार्य के लिए रखा गया हाइड्रेंट पाइप लुढ़ककर ट्रेन के एक कोच में फंस गया। पाइप प्लेटफॉर्म और कोच के बीच जाम हो गया और करीब 140 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटता रहा, जिससे प्लेटफॉर्म की कोपिंग टाइल्स क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान निकल रही चिंगारी को देख यात्रियों में अफरातफरी मच गई। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका, लेकिन तब तक ट्रेन काफी दूर तक जा चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन प्रबंधन और संबंधित तकनीकी विभाग हरकत में आए। गैस कटर की मदद से पाइप को काटकर हटाया गया। जांच में प्रभावित कोच के निचले हिस्से के लैवेटरी क्षेत्र को क्षति पहुंचने और पीछे के कोच का फुटबोर्ड मुड़ने की पुष्टि हुई है। आवश्यक मरम्मत और फिटनेस जांच के बाद ट्रेन को रात करीब 1 बजे आगे के लिए रवाना किया गया। एहतियात के तौर पर ट्रेन के साथ इस घटना के बाद दो एस्कॉर्ट स्टाफ भी लगाए गए।
संबंधित ठेकेदार पर लगाया जुर्माना
समस्तीपुर मंडल रेल प्रशासन ने इसे गंभीर सुरक्षा लापरवाही मानते हुए संबंधित ठेकेदार फर्म पर टेंडर शर्तों के तहत जुर्माना लगाया है। वहीं, कार्य की निगरानी कर रहे वरीय अनुभाग अभियंता (इंजीनियर) के खिलाफ रेल सेवक अनुशासन एवं अपील नियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, सभी हाइड्रेंट और पाइप को रनिंग लाइन से सुरक्षित दूरी पर रखने और मंडल के सभी स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म उपकरणों की सुरक्षा समीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं। समस्तीपुर डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्र ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इस मामले में जिम्मेदार पाए गए कर्मचारियों और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।