– सड़कों पर पसारे जा रहे फसल उत्पाद से बढ़ रही दुर्घटना
नवादा : जिले के नेशनल हाईवे से लेकर लगभग सड़कों पर किसानों द्वारा फसल उत्पाद से संबंधित पुआल आदि के साथ गृह निर्माण सामग्री फैला दिये जाने के कारण पथ दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। छह दिनों में महिला समेत छह की मौत इसका जीता जागता प्रमाण है।
जिले के लगभग हर सड़क का यही हाल है। सड़क के बीचों बीच कुछ किसान धान के पुआल को साफ करते हैं, जिससे मोटरसाइकिल चालकों को बहुत दिक्कत होती है। पुलिस और अंचल अधिकारी दिन में दस बार आवागमन करते हैं, लेकिन वे इन्हें नहीं रोकते।
आम लोग कुछ बोलें तो ये लड़ाई पर उतारू हो जाते हैं। यह हाल तब है जब गृहमंत्री ने ऐसा करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी व तत्काल गिरफ्तारी का आदेश निर्गत कर रखा है। बावजूद जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं जा पा रहा है। ऐसे में पथ दुर्घटना में लगातार वृद्धि हो रही है।
भईया जी की रिपोर्ट