– निशा भारत गैस एजेंसी पर लाभुकों ने लगाया अवैध वसूली का आरोप
नवादा : धुआँ, लकड़ी, उपले और कोयले जैसे पारंपरिक ईंधनों से होने वाली गंभीर बीमारियों से महिलाओं को मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की गई थी। योजना का लक्ष्य गरीब परिवारों को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर स्वच्छ ईंधन तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करना था, लेकिन जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र के सती स्थान स्थित निशा भारत गैस एजेंसी ने सरकार की इस जनकल्याणकारी मंशा पर पानी फेर दिया है।
आरोप है कि उज्ज्वला योजना के तहत पात्र लाभुकों से गैस कनेक्शन देने के नाम पर एजेंसी द्वारा तीन से चार हजार रुपये तक की अवैध वसूली खुलेआम की जा रही है। इस गैरकानूनी वसूली से गरीब लाभुक खासे परेशान हैं और सरकार की महत्वाकांक्षी योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। लाभुक सरिता देवी ने बताया कि उन्होंने करीब चार वर्ष पूर्व उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया था।
उनका नाम लाभुक सूची में भी शामिल है, बावजूद इसके उन्हें आज तक गैस कनेक्शन नहीं मिला। उन्होंने बताया कि जब वे निशा भारत गैस एजेंसी पहुंचीं तो वहां कार्यरत कर्मी संतोष कुमार ने उनसे तीन हजार रुपये की मांग की और साफ शब्दों में कहा कि जब तक पैसा नहीं दिया जाएगा, तब तक गैस कनेक्शन नहीं मिलेगा। कारी देवी ने भी इसी तरह का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एजेंसी में कार्यरत संतोष नामक व्यक्ति उनसे कभी तीन हजार तो कभी चार हजार रुपये की मांग करता है और बिना पैसे दिए कनेक्शन देने से इनकार कर देता है।
उन्होंने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पूर्व भी कई लाभुकों से इस तरह की अवैध वसूली की जा चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक निशा भारत गैस एजेंसी के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे एजेंसी कर्मियों के हौसले बुलंद हैं। इस लापरवाही के कारण गरीब लाभुकों में भारी आक्रोश व्याप्त है और वे प्रशासन से शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
कई बार शिकायत मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के द्वारा निरीक्षण किया गया और कड़ी फटकार लगाकर कार्रवाई के लिए निर्देशित भी किया गया लेकिन आजतक आचरण में कोई सुधार नही हुआ है। इसी प्रकार अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र के बड़का खैरा निवासी अभिमन्यु कुमार ने बताया कि गैस के लिए तीन वर्षों से बार बार बुलाया जाता है लेकिन हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर वापस कर दिया जाता है। सूत्रों की माने तो निशा भारत गैस एजेंसी के द्वारा हर पंचायत में वसूली के लिए बतौर दलाल नियुक्त कर रखा है।
भईया जी की रिपोर्ट