बिहार में ‘भगवान‘ की चोरी नहीं रुक रही। प्रसिद्ध थावे मंदिर से देवी का बेशकीमती मुकुट उड़ाने के बाद अब चोरों ने छपरा में पुराने राम-जानकी-शिव मंदिर से करोड़ों रुपये की कीमती अष्टधातु की मूर्तियां चुरा लीं हैं। चोरों का दुस्साहस देखिए कि उन्होंने थाना के ठीक बगल में स्थित ‘भगवान’ के इस मंदिर में घटना को अंजाम दिया। राम—जानकी—शिव मंदिर छपरा जिले के मशरख पुलिस थाने के ठीक बगल में स्थित है। यहां चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर भगवान राम, सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की करोड़ों की बेशकीमती मूर्तियां चरा ली और किसी को सुबह तक कानोंकान खबर तक नहीं लगी। इतना ही नहीं, चोर मंदिर में लगे CCTV कैमरों की हार्ड ड्राइव भी ले गए। हैरानी की बात यह है कि मंदिर की दीवार सीधे थाने के परिसर से सटी होने के बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
अष्टधातु की करोड़ों की मूर्तियां गायब
माना जा रहा है कि चोरी रविवार को देर रात हुई। सोमवार सुबह जब मंदिर के पुजारी टुन्ना बाबा पूजा और साफ-सफाई के लिए आए, तो उन्होंने मंदिर का ताला टूटा हुआ पाया। गर्भगृह में घुसने पर उन्होंने देखा कि राम, जानकी और लक्ष्मण की मूर्तियां गायब थीं। मंदिर परिसर में सन्नाटा और बिखरा हुआ सामान देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरी हुई मूर्तियां लगभग 100 साल पुरानी हैं और अष्टधातु से बनी हैं। इनकी कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है।
चोर CCTV की हार्ड ड्राइव भी ले गए
चोर इतने शातिर थे कि वे मंदिर में लगे CCTV कैमरों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की हार्ड ड्राइव भी ले गए ताकि उनकी पहचान का कोई सुराग न मिल सके। हालांकि, जांच के दौरान मंदिर के पास दलित बस्ती इलाके में ताला तोड़ने का औजार और देवी-देवताओं के कपड़े लावारिस हालत में मिले, जिससे पता चलता है कि चोर जल्दबाजी में भागे।
DSP और SP मौके पर, डॉग स्क्वॉड तैनात
घटना की सूचना मिलते ही DSP संजय कुमार सुधांशु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। ग्रामीण SP संजय कुमार ने मंदिर का दौरा किया, जांच की और पुलिस को जल्द से जल्द मामले को सुलझाने का निर्देश दिया। फिलहाल, मशरक थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।