-84 देशों की 2300 से अधिक फ़िल्मों की होगी भागीदारी
नवादा : सिनेमा और संस्कृति के वैश्विक संगम के रूप में पहचाने जाने वाला नवादा अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव (NIFF) अपने छठे सीजन के साथ एक बार फिर नवादा में भव्य रूप से आयोजित होने जा रहा है। एकदिवसीय फ़िल्म महोत्सव 04 जनवरी (रविवार) को विजय मल्टीप्लेक्स में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा।
महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला है। 84 देशों से लगभग 2300 से अधिक फ़िल्मों की प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं। लगातार 6 वर्षों से आयोजित हो रहे इस महोत्सव में हर बार की तरह इस बार भी लगभग 80 देशों की फ़िल्मों के साथ-साथ भारत के लगभग सभी राज्यों से फ़िल्मकारों ने प्रतियोगिता में भाग लिया है।
महोत्सव के फेस्टिवल डायरेक्टर, फ़िल्म कलाकार, निर्देशक एवं जिला आइकॉन राहुल वर्मा ने बताया कि यह आयोजन न केवल सिनेमा का उत्सव है, बल्कि विभिन्न देशों और राज्यों की कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को समझने का एक सशक्त माध्यम भी है। एकदिवसीय फ़िल्म महोत्सव के दौरान लगभग 20 चयनित फ़िल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही “फ़िल्मों का मेला” भी आकर्षण का केंद्र रहेगा, जहाँ दर्शकों को श्रेष्ठ और विचारोत्तेजक फ़िल्में देखने का अवसर मिलेगा, जो समाज को सकारात्मक दिशा और संदेश प्रदान करेंगी।
इस महोत्सव में जिला प्रशासन के विभिन्न पदाधिकारी भी सहभागिता करेंगे। वहीं सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में बॉलीवुड अभिनेता दीपक तिजोरी, बॉलीवुड अभिनेत्री पूजा बत्रा, फ़िल्म निर्देशक जोय राजन सहित देश-विदेश से आए कई फ़िल्मकार उपस्थित रहेंगे।
आयोजन को सफल बनाने में जिन प्रायोजक होटल महाराजा, किंग पैलेस, गणपति रेस्टोरेंट, मोती महल डिलक्स, कुंदन फ़िल्म्स, जुल्का ट्रैवल्स, इकोलेक्स स्मार्ट लिविंग, युग ट्रेडर्स, मनोरंजन रियल एस्टेट, शैडो ऑफ़ गॉड एवं सुभाष प्रसाद का सहयोग प्राप्त हो रहा है। अंतरराष्ट्रीय फ़िल्म महोत्सव न केवल जिले बल्कि पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय बन चुका है और यह आयोजन नवादा को वैश्विक सिनेमा मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिला रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट