बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार को सक्रिय करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। JDU के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निशांत को पार्टी की कमान सौंपने के लिए अभियान तेज करते हुए भूख हड़ताल के बाद अब उनका पोस्टर लगाया है। राजधानी पटना में छात्र JDU के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल और बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति डॉ. सलीम परवेज ने पोस्टर के जरिए नीतीश कुमार से एक खास अपील की है। इस पोस्टर के जरिये मुख्यमंत्री नीतीश से यह कहा गया है कि वे निशांत कुमार को राजनीति के मैदान में उतारें। इन नेताओं का मानना है कि पार्टी के भविष्य और मजबूती के लिए निशांत कुमार का नेतृत्व जरूरी है। इसके लिए बजाप्ता पोस्टर लगाकर निशांत को राजनीति में लाने और JDU की जिम्मेदारी उन्हें सौंपने की गुहार लगाई गई है।
राजधानी पटना ऐसा पहला पोस्टर छात्र जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल की तरफ से लगाया गया है। इस पोस्टर में नववर्ष और मकर संक्रांति की शुभकामनाएं भी दी गई हैं। कृष्णा पटेल की ओर से जो पोस्टर पटना की सड़कों पर लगाए गए हैं उसमें लिखा गया है-‘चाचा जी के हाथों में सुरक्षित अपना बिहार। अब पार्टी के अगले जेनरेशन का भविष्य संवारें निशांत कुमार’। छत्र जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल के अलावा बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति सलीम परवेज की तरफ से भी कुछ ऐसा ही एक दूसरा पोस्टर भी लगाया गया है जिसमें मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाने और उन्हें जदयू की कमान सौंपने की मांग की गई है।