आज मंगलवार को बॉलीवुड समेत पूरी दुनिया को तब एक गहरा झटका लगा जब सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र की मौत की अफवाह फैल गई। कहा गया कि धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में आज सुबह दुनिया को अलविदा कह दिया है। लेकिन धर्मेंद्र के निधन की खबर झूठी निकली। इसकी पुष्टि उनकी बेटी ईशा देओल और पत्नी हेमा मालिनी ने भी की। बताया जाता है कि भारतीय सिनेमा के ‘ही मैन’ धर्मेंद्र अभी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनकी हालत नाजुक बताई जाती है। अस्पताल में मिलने-जुलने वालों का तांता लगा हुआ है। 89 साल के एक्टर बीते कुछ समय से लगातार बीमार चल रहे हैं। धर्मेंद्र की दोनों पत्नियां, हेमा और प्रकाश कौर तथा सनी, बॉबी, ईशा समेत तमाम बच्चे वहां मौजूद हैं।
एक्टिंग में सक्रिय थे धर्मेंद्र
देओल परिवार ने हेल्थ अपडेट जारी करते हुए अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। धर्मेंद्र के लिए अगले 72 घंटे बहुत ही क्रिटिकल बताए जा रहे हैं। 2025 की शुरुआत में धर्मेंद्र की आंख की सर्जरी हुई थी। जब पैपराजी ने उन्हें आंख में पट्टी बांधे देखा, तो चिंता जताते हुए उनकी सेहत के बारे में पूछा, तो धर्मेंद्र ने कहा था, ‘मैं मजबूत हूं। अभी भी धर्मेंद्र में बहुत दम है। अभी भी जान रखता हूं। प्यार करता हूं, अपने दर्शकों और अपने फैंस से’। धर्मेंद्र को आखिरी बार ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में देखा गया था। वह अगली बार ‘इक्कीस’ में नजर आएंगे जिसमें वे अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा के साथ दिखेंगे। अगले माह 8 दिसंबर को धर्मेंद्र अपना जन्मदिन मनाने वाले हैं।
60 के दशक में किया डेब्यू
धर्मेंद्र भारतीय सिनेमा के लीजेंड हैं। उन्हें खूबसूरत शख्सियत की वजह से बॉलीवुड का ही-मैन कहा जाता है। उन्होंने 60 के दशक में डेब्यू किया और 70 के दशक में हिंदी सिनेमा के टॉप स्टार बन गए थे। धर्मेंद्र ने पहली शादी साल 1954 में प्रकाश कौर से की थी। उस वक्त धर्मेंद्र 19 साल के थे। पहली पत्नी और चार बच्चों के बावजूद उन्हें दूसरी बार प्यार हुआ। फिल्म इंडस्ट्री में आने के बाद धर्मेंद्र हेमा मालिनी के प्यार में इस कदर डूबे कि साल 1980 में उन्होंने दूसरी शादी कर ली। वे 89 की आयु में भी सक्रिय हैं। सोशल मीडिया पर अक्सर फैंस के साथ इंटरैक्शन करते हैं। सुपरस्टार ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘इक्कीस’ में नजर आने वाले हैं, जिसमें वे अगस्त्य नंदा के साथ नजर आएंगे।