पावर स्टार पवन सिंह और लोक गायिका मैथिली ठाकुर के बाद अब मशहूर भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के भी विधानसभा चुनाव में उतरने की अटकलें गरम हैं। अक्षरा ने बेगूसराय से बीजेपी के सांसद गिरिराज सिंह से मुलाकात की है। पिछले दिनों पवन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद भाजपा में एंट्री ली थी। इसके बाद बिहार की मशहूर लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने भी बीजेपी से चुनाव लड़ने की ख्वाहिश जताई। अब इस चुनावी सीजन में अक्षरा और गिरिराज की मुलाकात के बाद कई तरह के सियासी कयास लगाए जाने लगे हैं। हालांकि यह पता नहीं चल सका कि दोनों के बीच मुलाकात के दौरान क्या बात हुई। लेकिन सोशल मीडिया पर लोग अक्षरा के चुनावी डेब्यू की बात करने लगे हैं।
पवन सिंह के खिलाफ टिकट की अफवाह
गिरिराज सिंह से मुलाकात के बाद अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है और इसके साथ उन्होंने लिखा है कि-‘आज माननीय गिरिराज सिंह जी से शिष्टाचार मुलाकात और आशीर्वाद मिला’। इस पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह के कमेंट कर रहे हैं। कई यूजर्स ने तो अक्षरा सिंह से पवन सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ने तक की बात कह दी। उधर अक्षरा सिंह के तस्वीर के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट के बाद बिहार की राजनीति में सस्पेंस चरम पर है। अक्षरा की गिरिराज से इस मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट मानें या फिर कोई चुनावी तिकड़म, यह फिलहाल साफ नहीं है। सोशल मीडिया पर लोगों ने तो यहां तक लिख दिया कि ऐसा लगता है कि पवन सिंह के खिलाफ टिकट मिलने वाला है।
जनसुराज के मंच पर भी आ चुकी है नजर
भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह पहली बार वर्ष 2023 में किसी राजनीतिक मंच पर नजर आईं थी। तब वह अपने पिता के साथ प्रशांत किशोर की जन सुराज के मंच पर पहुची थी। उस दौरान उन्होंने जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ भी की थी। इसके बाद ये चर्चा जोरों पर थी कि वह जनसुराज पार्टी जॉइन कर सकती हैं। हालांकि ऐसा हुआ नहीं और मीडिया से बातचीत में अक्षरा सिंह ने साफ कह दिया था कि वह किसी पार्टी विशेष से नहीं जुड़ रही हैं।
अक्षरा ने कहा था कि वह केवल प्रशांत किशोर की विचारधारा से प्रभावित होकर ही वहां गईं थी। अब बिहार चुनाव से ठीक पहले गिरिराज सिंह से मुलाकात के बाद एक बार फिर अक्षरा सिंह के सियासी आगाज की चर्चा चल पड़ी है।