अरवल – बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन सहित एनडीए घटक दलों के सभी नेताओं ने संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में अरवल के मधुश्रवां में इकट्ठा हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने सभी का जोरदार स्वागत किया और विधानसभा चुनाव में जीत का भरोसा दिया।अरवल विधानसभा के मधुश्रवां में आयोजित विशाल एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, भाजपा के ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलराम मंडल, जदयू के राजीव रंजन राष्ट्रीय प्रवक्ता, लोजपा (आर) के इंदिरा देवी पंचायती राज प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष, हम के राष्ट्रीय सचिव रितेश रंजन उर्फ चुन्नू शर्मा, रालोमो के राष्ट्रीय महासचिव अखिलेश सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस सम्मेलन में विभिन्न मंडलों, पंचायतों से जुटे हजारों कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन में आने वाले विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर से सरकार बनाने को लेकर अपने अध्यक्षों को भरोसा दिया।सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश के सभी विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन के जरिये हमलोग कार्यकर्ताओं से मिल चुके हैं। सभी जगहों पर कार्यकर्ता सम्मेलन सफल रहा। उन्होंने इस सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का जोश हाई है, जो एनडीए की ताकत है।
उन्होंने कहा कि हम वादे लेकर चुनाव में जाते हैं और उसे पूरा करते हैं। बैदराबाद से प्रसादी इंग्लिश तक रिंग रोड एवं अरवल में बाईपास की घोषणा,एन एच 139 को फोर लेन सहित सड़क के क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा किया एवं मेहंदिया में लम्बे समय से लंबित और आम जनमानस की मांग को पूरा करते हुए नहर पर पुल का शिलान्यास किया जल्द निर्माण कार्य पूर्ण होकर जनता को समर्पित किया जाएगा बिहार और केंद्र की एनडीए सरकार नए बिहार का निर्माण कर रही है। आपको बिहार के किसी भी पंचायत, गांव में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण होता दिख जाएगा। उन्होंने एनडीए सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि एनडीए सरकार में बिहार के कई जिले नक्सलवाद मुक्त हो गए हैं, यह बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आज हमलोग अरवल में इकट्ठा हैं। यहां के लोग नक्सलवाद को भी देखा है और उस दौर को भी झेला है, जब दिनदहाड़े नरसंहार होते थे, लाशें गिरती थीं। अरवल की जनता उस जंगलराज को कभी नहीं भूल सकती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आप वह गलती कभी नहीं करेंगे।
वहीं ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बलिराम मंडल ने राजद के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जिनका इतिहास सत्ता में रहते नौकरी देने के नाम पर गरीब लोगों से भी जमीन लिखवाने की है, वह नौकरी देने की बात कर रहे हैं और नीतीश कुमार सरकार की उपलब्धियों को भी खुद की उपलब्धि बताकर पीठ थपथपा रहे हैं। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को नया आयाम दिया। आज बिहार ही नहीं, देश की जनता का विश्वास एनडीए सरकार के प्रति बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि हमारा 2025 का मिशन, 225 पर जाकर ही ठहरेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए पूरी ताकत से एकजुट है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली अब पूरा हो चुका, अब बिहार की बारी है। लोजपा (रामविलास) के पंचायती राज प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष इन्दिरा देवी ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए, भ्रष्टाचार छिपाने के लिए बना गठबंधन देशभर में बिखर गया है। सभी अपनी डफली, अपना राग बजा रहे हैं। एक दूसरे पर बयानबाजी कर रहे हैं। जनता अब इनकी हकीकत समझ गई है। हम के राष्ट्रीय सचिव रितेश रंजन उर्फ चुन्नू शर्मा ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है और अगली सरकार भी नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से बनेगी। उन्होंने कहा कि अभी चुनाव में कुछ महीने हैं, लेकिन राजद और कांग्रेस में अभी से ही सीटों को लेकर कुश्ती शुरू हो गई। रालोमो के राष्ट्रीय महासचिव अखिलेश सिंह ने भी एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एनडीए की सरकार है तो हर कार्य मुमकिन है। केंद्रीय बजट में बिहार में मिली सौगातों के बाद बिहार की जनता का विश्वास डबल इंजन की सरकार में और बढ़ा है।
इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी, जदयू जिलाध्यक्ष मिथलेश कुमार, लोजपा जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र रंजन, हम जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, रालोमो जिलाध्यक्ष रविन्द्र राम, पूर्व एमएलसी रामकिशोर सिंह, पूर्व केन्द्रीय मंत्री नागमणि कुशवाहा, प्रदेश परिषद सदस्य सह पूर्व प्रमुख ई. संजय कुमार, पूर्व प्रत्याशी दीपक शर्मा, लोजपा प्रदेश महासचिव सुनील यादव, प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद पीयूष, कोशी सह प्रभारी सत्येन्द्र राय, जिला प्रभारी सुबोध पासवान, प्रदेश सचिव जितेन्द्र पटेल, मंजू वर्मा, सत्येन्द्र कुशवाहा, रामकिशोर वर्मा, साकेत कुमार टूटू, विधानसभा प्रभारी राहुल वत्स, जिला मंत्री अमृत राज उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष गिरेन्द्र कुमार, सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट