जहानाबाद में तैनात डीएसपी संजीव कुमार के ठिकानों पर आज शुक्रवार की सुबह विजिलेंस की विशेष यूनिट (SVU) ने छापा मारा। आय से अधिक संपत्ति बनाने के आरोप में डीएसपी के ठिकानों पर जहानाबाद के अलावा पटना और खगड़िया स्थित आवास पर दोपहर तक एसवीयू की रेड जारी है। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार लगातार कड़े कदम उठा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) की टीम ने जहानाबाद मुख्यालय के डीएसपी संजीव कुमार के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। छापेमारी सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई। इसके बाद जहानाबाद में हड़कंप मच गया। लोगों की भीड़ जुट गई।
डीएसपी पर आय से अधिक संपत्ति का मामला
जानकारी के अनुसार एसवीयू की टीम ने जहानाबाद स्थित डीएसपी के सरकारी आवास का गेट बंद कर दिया है। बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जा रह है। सूत्रों के अनुसार, डीएसपी संजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला चल रहा था। जांच में उनके पास अब तक करीब 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति की जानकारी सामने आई है। उनके खिलाफ निगरानी थाने में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई है। इसी को लेकर विजिलेंस की टीम ने आज सुबह पटना, खगड़िया और जहानाबाद स्थित उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापा मारा।
बैंक खाते, जमीन के कागजात बरामद
छापेमारी का नेतृत्व स्पेशल विजिलेंस यूनिट के डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। टीम ने डीएसपी संजीव कुमार से पूछताछ भी शुरू कर दी है जो पिछले दो घंटे से अधिक समय से जारी है। छानबीन के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो टीम को बैंक खाते और जमीन के कागजात समेत कई साक्ष्य हाथ लगे हैं। जिससे डीएसपी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की बात सही साबित हो रही है। बताया जाता है डीएसपी पर माफिया से साठगांठ कर करोंड़ों की काली कमाई करने के साक्ष्य विजिलेंस टीम के हाथ लगे हैं।