बिहार चुनाव से पहले आज गुरुवार को नीतीश सरकार ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों की ट्रांसफर— पोस्टिंग की। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आज सरकार ने 6 IPS अफसरों के साथ ही 26 डीएसपी रैंक के पुलिस पदाधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के जिन 6 अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है उसमें 2021 बैच के मोहिबुल्लाह अंसारी को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि व्यवस्था (पटना), 2022 बैच की शैलजा को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हिलसा (नालंदा) बनाया गया है। इसी तरह 2022 बैच के साकेत कुमार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिक्रमगंज (रोहतास), 2022 बैच की गरिमा को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरैया (मुजफ्फरपुर), 2022 बैच की साक्षी कुमारी को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बलिया (बेगूसराय), 2023 बैच की कोमल मीणा को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मसौढ़ी (पटना) बनाया गया है।
26 DSP का तबादला
इसके अलावा राज्य सरकार ने 26 डीएसपी का ट्रांसफर भी कर दिया है। इनमें नव वैभव को पुलिस उपाधीक्षक यातायात (पटना), नवल किशोर को पुलिस उपाधीक्षक साइबर क्राइम (पटना), कुमार संजय को पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था शाखा बिहार पुलिस मुख्यालय में नियुक्त किया गया है। साथ ही अतनु दत्त को पुलिस उपाधीक्षक यातायात (बेतिया), रेणु कुमारी को पुलिस उपाधीक्षक बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 16 पटना, राजेश रंजन को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर 1 पटना बनाया गया है। बिहार में इसी साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। पिछले दिनों भी राज्य में कई आईपीएस, आईएएस और बीपीएससी अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया था।