ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बिहार में एक के बाद एक हत्याओं का दौर चल रहा है। अब रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के अमरा गांव में बीती रात एक युवा जदयू नेता के पिता की हत्या कर दिये जाने की खबर है। जानकारी के अनुसार गांव में किसान पारस सिंह की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक युवा जदयू नेता अजय कुमार भोला के पिता पिता थे। परिवार वालों के अनुसार पारस सिंह बुधवार रात खेत के पास स्थित अपनी गौशाला में सोने गए थे। आज गुरुवार की सुबह जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें खोजने पहुंचे। वहां गौशाला में खून से लथपथ पारस सिंह का शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
पुलिस के अनुसार, किसान की हत्या सोते समय धारदार हथियार से की गई है। घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया। पारस सिंह की हत्या के पीछे जमीन विवाद और पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेजा गया है। पारस सिंह युवा जदयू के नेता अजय कुमार के पिता थे। अजय कुमार रोहतास में तिलौथू युवा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष हैं। अब तक की जांच में यह मामला आपसी जमीन विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई है।
किसान पारस सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने जमीन विवाद को प्राथमिक कारण माना है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ महीने पहले पारस सिंह ने अपने घर से दूर खेत में एक गौशाला बनवाई थी और अक्सर वहीं सोते थे। बुधवार की रात भी वे गौशाला में ही थे, जहां धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस का मानना है कि किसी ने पुरानी रंजिश या जमीन विवाद के चलते उन्हें अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद मौके से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं। रोहतास एसपी ने बताया कि मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।