पटना से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को उड़ान भरते ही बर्ड हिट हो जाने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में 175 यात्री सवार थे जिन्हें सुरक्षित उतारा गया। पटना एयरपोर्ट के रनवे के ऊपर ही विमान से एक चिड़िया टकरा गई थी। इस टक्कर के बाद विमान के दो में से एक इंजन में गड़बड़ी महसूस हुई। पायलट ने इसकी सूचना पटना एटीसी को दी और तत्काल विमान को वापस पटना में ही लैंड करा दिया गया। एयरपोर्ट के रनवे पर मृत पक्षी के टुकड़े बरामद किए गए हैं। सभी 175 यात्री सुरक्षित हैं। पटना एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि एयरक्राफ्ट की जांच की जा रही है। एक इंजन में तकनीकी खराबी की सूचना पालयट द्वारा दी गई जिसके बाद एटीसी द्वारा जरूरी प्रक्रियाओं का पालन कर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट के साथ हादसा
बताया जाता है कि पक्षी टकराने के कारण विमान के एक इंजन को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल इंजीनियर्स विमान की मरम्मत और नुकसान का आकलन कर रहे हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E5009 ने सुबह करीब 8.45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद विमान लगभग 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर था। तभी एक पक्षी विमान से टकरा गया। इस टक्कर से विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और इंजन कंपन के साथ थर्राने लगा। पायलट ने तुरंत हवाई यातायात नियंत्रक (ATC) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। सुबह करीब 9:00 बजे के आसपास विमान को सुरक्षित रूप से पटना एयरपोर्ट पर वापस उतार लिया गया।
फिलहाल तकनीकी विशेषज्ञ विमान की मरम्मत में जुटे हैं, और इसकी जांच चल रही है। इंडिगो ने इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। घटना के बाद यात्रियों में थोड़ी देर के लिए घबराहट का माहौल रहा लेकिन विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सबने राहत की सांस ली। एयरपोर्ट प्रशासन और विमान कंपनी के अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी जरूरतों का खयाल रखा। जैसे ही विमान उड़ान के लिए फिट घोषित किया जाएगा, उसे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया जाएगा। फिलहाल यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर में ही रोका गया है और वैकल्पिक उड़ान विकल्पों पर भी विचार चल रहा है। यह घटना हाल के महीनों में बिहार में बर्ड हिट की दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 2 जून 2025 को पटना से रांची जा रही इंडिगो फ्लाइट को गिद्ध से टकराने के कारण रांची में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।