राजधानी पटना स्थित रजिस्ट्री ऑफिस आज शुक्रवार को अचानक गोलियां चलने लगी जिससे वहां अफरा—तफरी मच गई। घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र के निबंधन कार्यालय में हुई। फायरिंग में दो लोगों के गोली लगने से घायल होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि गार्ड की बंदूक से गलती से गोली चली। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। दोनों घायल लोगों को PMCH में भर्ती कराया गया है। रजिस्ट्री ऑफिस में निबंधन संबंधित काम को लेकर आज सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटी थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना तब हुई जब निबंधन कार्यालय में तैनात एक निजी सुरक्षा गार्ड राइफल की सफाई कर रहा था।
जानकारी के अनुसार निबंधन कार्यालय में अचानक चली गोली से कार्यालय परिसर में मौजूद तीन लोगों को चोट आई। दो व्यक्तियों में से एक को पैर में और दूसरे को हाथ में गोली लगी है। जानकारी के अनुसार इस दौरान एक अन्य व्यक्ति बचने के चक्कर में गिरकर जख्मी हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत पीएमसीएच अस्पताल भेजा। फिलहाल दोनों घायलों का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।
टना की जानकारी मिलते ही गांधी मैदान थाना पुलिस और सिटी सेंट्रल एसपी दीक्षा खुद घटनास्थल पहुंची। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस ने मामले में कार्रवाई की बात कही। घटना में शामिल गार्ड पटना के सीगोंरी इलाके का रहने वाला है और वह एक निजी सुरक्षा एजेंसी के तहत निबंधन कार्यालय में तैनात था। पुलिस उसके कागजात और लाइसेंस की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में गार्ड के द्वारा लापरवाही बरतने की बात कही जा रही है। घटना के बाद से ही गार्ड फरार बताया जा रहा है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। निजी सुरक्षा कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण की भी जांच होगी।