रोहतास जिले के नटवार में आज बुधवार की सुबह एक पति ने आपसी विवाद में अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार कर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों ने फौरन घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। घटना नटवार थानांतर्गत सरांव गांव की बताई जाती है। पता चला कि पत्नी के मायके जाने से पति नाराज था। उसे शक था कि उसकी सास डायन है। इसलिए वह अपनी पत्नी को मायके जाने के लिए मना करता था। इसी को लेकर पति और पत्नी के बीच एक दो दिन से विवाद चल रहा था।
बताया जाता है कि सरांव गांव निवासी सुगंध कुमार यादव अपनी सास को डायन बताकर अपनी पत्नी पूनम देवी को हमेशा मायके जाने से रोकता था। इसको लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। इसी बीच दो दिन पूर्व हीं पत्नी अपने मामा के घर से ससुराल लौटी थी। इसके बाद पति-पत्नी में विवाद और बढ़ गया तथा बुधवार की सुबह पति सुगंध ने आवेश में आकर पहले अपनी पत्नी पूनम देवी की गोली मारकर हत्या की। फिर उसने खुद को भी गोली मार ली। हालांकि पति की जान बच गई है और फिलहाल गंभीर हालत में उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार दोनों की शादी 12 वर्ष पूर्व हुई थी और इन्हें दो पुत्र और एक पुत्री भी है।
ग्रामीणों की सूचना पर सरांव गांव पहुंचे बिक्रमगंज एसडीपीओ कुमार संजय ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि नटवार थाना क्षेत्र के सरांव गांव में पत्नी पूनम देवी को उसके पति सुगंध कुमार ने ही गोली मारकर हत्या कर दी है और खुद को भी गोली मार लिया है। फिलहाल सुगंध कुमार यादव की हालत गंभीर है। पुलिस ने घर से अवैध दोनाली बंदूक के साथ तीन खोखा तथा एक कारतूस बरामद किया है। डीएसपी ने कहा कि महिला के शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल सासाराम में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।